कुचामन सिटी. प्रतिभा, परिश्रम और पारिवारिक सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए हिमांशी कुमावत ने राजस्थान विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर स्तर पर भूगोल विषय में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया है।


यह सम्मान विश्वविद्यालय के 35वें दीक्षांत समारोह में उन्हें प्रदान किया गया।

इस अवसर पर भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, उच्च शिक्षा मंत्री प्रेम चंद बैरवा, राज्यसभा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल तथा विश्वविद्यालय की कुलपति अल्पना कटेजा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
स्वर्ण पदक राजस्थान के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हरिभाऊ बागड़े द्वारा प्रदान किया गया।

हिमांशी कुमावत, राजेन्द्र कुमार एवं माया देवी की पुत्री हैं। अपनी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हिमांशी ने विनम्रता व्यक्त करते हुए इसका श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों, भाई-बहनों एवं मित्रों को दिया।
उन्होंने कहा कि परिवार के निरंतर प्रोत्साहन और शिक्षकों के मार्गदर्शन के बिना यह सफलता संभव नहीं थी।






