नावां शहर: डीडवाना-कुचामन जिला कलक्टर अवधेश मीणा शुक्रवार को नावां दौरे पर रहे। जहां उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्थाओं, विकास कार्यों और विभिन्न विभागों के कामकाज का निरीक्षण किया।


दौरे के दौरान कलक्टर सबसे पहले उपखंड कार्यालय और तहसील कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यालय परिसर, रिकॉर्ड संधारण, आमजन की सुनवाई व्यवस्था और विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को प्राथमिकता से सुना जाए तथा उसका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास मजबूत हो सके।
उपखंड स्तरीय बैठक में विभागों की समीक्षा
इसके बाद कलक्टर पंचायत समिति सभागार पहुंचे जहां उन्होंने उपखंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली।

बैठक में उपखंड अधिकारी दिव्या सोनी, तहसीलदार रामेश्वर गढ़वाल, विकास अधिकारी अजीत सिंह सहित शिक्षा, चिकित्सा, जलदाय, विद्युत, राजस्व और ग्रामीण विकास विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलक्टर ने विभागवार समीक्षा करते हुए योजनाओं की प्रगति, बजट घोषणाओं के कार्य, लंबित मामलों, संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों और आमजन को मिलने वाली सुविधाओं की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
लापरवाही पर सख्ती, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य और केंद्र सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता को गंभीरता से लिया जाएगा।
बैठक में विशेष रूप से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, नियमित फील्ड विजिट करने और समस्याओं का मौके पर समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उपखंड स्तर के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने-अपने विभागों की कार्य प्रगति और योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की।






