कुचामन शहर की सब्जी मंडी स्थित जैन समाज के मंदिर तक जाने वाले रास्ते में बाधा को लेकर गुरुवार को जैन समाज के महिला एवं पुरुषों ने विरोध प्रदर्शन किया।


मंदिर तक पहुंचने में हो रही दिक्कतों से नाराज़ समाज के लोगों ने प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग उठाई।

विरोध के दौरान समाज के महिला-पुरुष सब्जी मंडी क्षेत्र में जमीन पर बैठ गए और भजन-कीर्तन करते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कुचामन मंडल अध्यक्ष बाबूलाल कुमावत भी मौके पर पहुंचे और विरोध में शामिल हुए।
सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन और नगर परिषद आयुक्त मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंदिर और अग्रवाल भवन के पास हो रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए संबंधित लोगों को एक दिन का समय दिया।


जैन समाज की महिला सदस्य कल्पना जैन ने बताया कि प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया है और कहा है कि शुक्रवार सुबह तक रास्ता साफ कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंदिर जाने में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही कुछ लोग वहां कचरा भी डालते हैं, जिससे बदबू फैलती है और वातावरण दूषित हो रहा है।
भाजपा ने लिया था सब्जी मंडी हटाने का फैसला
गौरतलब है कि नगर परिषद ने अपनी पिछली बैठक में सब्जी मंडी को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने का निर्णय लिया था। उस समय तत्कालीन सभापति सुरेश सिखवाल (भाजपा) ने यह प्रस्ताव पेश किया था, जिसे सदन की सहमति के बाद पारित कर दिया गया। हालांकि कांग्रेस पार्षदों ने इस प्रस्ताव का विरोध किया था।
पूर्व सभापति हेमराज चावला (कांग्रेस) ने इस पूरे मामले को लेकर यह तक कहा था कि यह धार्मिक उन्माद का माहौल बनाने की साजिश है।
कुचामन में 40 डिग्री पर पहुंचा तापमान, मौसम विभाग ने और बढ़ोतरी की दी चेतावनी






