कुचामन सिटी. खारिया रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर में चल रही संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा एवं श्रीमद् भगवद्गीता कथा के तृतीय दिवस पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।


कथा व्यास संत शिवानंद महाराज ने मानव जीवन का महत्व बताते हुए कहा कि मनुष्य जीवन अत्यंत दुर्लभ और अमूल्य है, जिसे प्रभु भक्ति, सत्संग और भगवान के नाम स्मरण से ही सफल बनाया जा सकता है।

उन्होंने अपने प्रवचनों में कहा कि सच्चा सुख और शांति केवल भजन-भक्ति में ही निहित है। भगवान की दिव्य लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन करते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं को भक्ति मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर कथा का रसपान करते नजर आए।
कथा के मध्य भजन गायक हरीश द्वारका ने “राम भज ले प्राणिया” सहित विभिन्न भजनों की मधुर प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। नारायण मंत्र के संकीर्तन पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा पंडाल भगवान के जयकारों से गूंज उठा। वहीं, भगवान की सजीव झांकियों ने भी श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर शिव मंदिर समस्त कुम्हारान पंचायत ट्रस्ट के अध्यक्ष राजकुमार फौजी ने अधिक से अधिक संख्या में कथा में पहुंचकर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया।

गर्भस्थ शिशु संरक्षण समिति द्वारा शिवानंद महाराज का सम्मान
इसी क्रम में गर्भस्थ शिशु संरक्षण समिति भारत की कुचामन इकाई द्वारा कथा वाचक शिवानंद महाराज का शाल, माला, दुपट्टा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर श्रद्धापूर्वक अभिनंदन किया गया। इकाई अध्यक्ष सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि समिति द्वारा “है नाथ मैं आपको भूलूं नहीं” संदेश के साथ संस्कार एवं जागरूकता का प्रसार किया जा रहा है।
समिति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्यामसुंदर मंत्री ने बताया कि ब्रह्मलीन संत रामसुखदास महाराज की प्रेरणा से स्थापित समिति सनातन संस्कृति के संवर्धन, गर्भस्थ शिशु संरक्षण एवं उत्तम संस्कारों के प्रसार हेतु कार्यरत है। उन्होंने माताओं-बहनों को “बेटी को समय पर ब्याहो और बहू को आगे पढ़ाओ” जैसे सामाजिक संदेशों को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुरलीधर गोयल, सत्यनारायण मोर, आनंद जयराम सहित अनेक साधक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कुचामन सिटी: सीवरेज व सड़कों की खराब गुणवत्ता पर लोक अदालत सख्त, एजेंसियों को शीघ्र सुधार के निर्देश






