नावां. राजास-जाबदी नगर मार्ग पर नमक से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई तथा नावां चिकित्सालय में ग्रामीणों की भीड़ लग गई।


मिली जानकारी के अनुसार नमक से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे ट्रॉली के नीचे दबकर दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान राधेश्याम पुत्र पूरणमल मेघवाल और शंकरलाल पुत्र मुन्नाराम कामड़ निवासी जाबदी नगर के रूप में हुई है।

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर ट्रॉली के नीचे दबे दोनों युवकों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए नावां चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नावां चिकित्सालय पहुंच गए। जिससे वहां भीड़ लग गई। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद पुलिस चिकित्सालय पहुंची।

ग्रामीणों ने बताया कि नावां क्षेत्र में रोजाना बिना नंबर और नमक से भरे ओवरलोड ट्रैक्टर और डंपर सड़कों पर चलते हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग द्वारा ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण आमजन को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
कुचामन जिला अस्पताल में बालिकाओं हेतु निःशुल्क HPV टीकाकरण आरंभ






