कुचामन शहर में ईद-उल-फितर का पर्व शनिवार को इस बार भी पूरे हर्षोल्लास, भाईचारे और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया।


सुबह से ही ईदगाह में नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समाज के लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां हजारों की संख्या में धर्मावलंबियों ने एक साथ विशेष नमाज अदा की।

तय समय के अनुसार सुबह 8 बजे कुचामन ईदगाह में इमाम अब्दुल वाहिद नईमी ने ईद की नमाज अदा कराई। नमाज के बाद देश और प्रदेश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी गई। व्यवस्थाओं के लिए पुलिस और प्रशासन का आभार जताया गया।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर “ईद मुबारक” कहा और प्रेम व सौहार्द का संदेश दिया।

ईद के इस पावन अवसर पर कुचामन शहर में एक बार फिर सांप्रदायिक सद्भाव की सुंदर तस्वीर देखने को मिली। हमेशा की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग ईदगाह पहुंचे और अपने मुस्लिम भाइयों को ईद की मुबारकबाद दी। इस आपसी भाईचारे ने शहर की गंगा-जमुनी तहजीब को और मजबूत किया।
इस मौके पर पूर्व उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी ने ईदगाह पहुंचकर लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं। उनके साथ कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष सारिका चौधरी, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भवानी सिंह, आरएलपी नेता रामनिवास पोषक, कुमावत युवा शक्ति अध्यक्ष सत्यनारायण कुमावत, कांग्रेस नगर अध्यक्ष सुतेन्द्र सारस्वत, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष नावां उदय सिंह, डॉ. भगत सिंह, पूर्व उप सभापति हेमराज चावला, ईश्वर सोहू, शिक्षाविद प्रकाश मेहरड़ा सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
त्योहार के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन की व्यवस्थाएं भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आईं, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
कुचामन सिटी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.2 ग्राम एमडीएमए व 6.2 ग्राम हेरोइन के साथ दो युवक गिरफ्तार






