कुचामन सिटी. अखिल भारतीय गुर्जर महासभा की कार्यकारिणी में नव नियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान में शहर के होटल केसर पैलेस में कार्यक्रम आयोजित हुआ।


कार्यक्रम में प्रदेश सचिव पद पर मनोनीत बजरंगलाल गुर्जर तथा डीडवाना-कुचामन जिलाध्यक्ष नियुक्त एडवोकेट हीराराम गुर्जर का समाज की ओर से पारंपरिक मारवाड़ी रीति-रिवाजों के साथ माल्यार्पण, साफा एवं दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।

अतिथियों में पूर्व एडीएम एवं वरिष्ठ आरएएस अधिकारी रामसुख गुर्जर, प्रधान प्रतिनिधि राजेश गुर्जर, होटल केसर पैलेस डायरेक्टर एवं सहकारी समिति चेयरमैन चैनाराम गुर्जर (दीपपुरा), हनुमानराम गुर्जर जिलिया, धनराज झींझड़, सुरेश हाकला, कन्हैयालाल गुर्जर, मदनराम गुर्जर, हीराराम म्हांसी, रामनारायण गुर्जर, भंवरलाल कोली, श्रीराम गुर्जर (व्यवस्थापक), सहीराम सहित अनेक गणमान्यजन शामिल हुए।
समाज में जन-जागरूकता व युवा सशक्तिकरण पर रहेगा विशेष जोर
इस अवसर पर नवनियुक्त प्रदेश सचिव बजरंगलाल गुर्जर ने कहा कि अखिल भारतीय गुर्जर महासभा समाज का एक सशक्त एवं व्यापक संगठन है। जो सामाजिक एकता, शिक्षा विस्तार और युवा सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि समाज में जन-जागरूकता बढ़ाने, कुरीतियों के उन्मूलन तथा युवाओं को शिक्षा, रोजगार और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए ठोस योजनाएं बनाई जाएंगी। संगठन के माध्यम से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
डीडवाना-कुचामन जिलाध्यक्ष एडवोकेट हीराराम गुर्जर ने कहा कि समाज की प्रगति आपसी समन्वय, एकजुटता और सकारात्मक सोच से ही संभव है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर विकास की धारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने तथा समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया। अंत में आभार व्यक्त किया गया।






