कुचामन सिटी. भाजपा के नागौर देहात जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह पलाड़ा को लगातार धमकियां मिल रही हैं। रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण गैंग के नाम से विदेशी नंबरों से वॉयस नोट भेजकर रंगदारी मांगी गई है। ऑडियो में ग्रुप के लिए फाइनेंशियल मदद की मांग करते हुए कल तक जवाब देने की चेतावनी दी गई है।


पहली धमकी राहुल फतेहपुर की ओर से आई। जिसमें उसने रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण का स्पेशल मैसेज बताते हुए फिरौती मांगी।

दूसरी धमकी वीरेंद्र चारण की ओर से दी गई। जिसमें कुचामन में हुई रमेश रूलानिया की हत्या जैसा हाल विजय सिंह पलाड़ा का करने की चेतावनी दी गई।
दरअसल पीड़ित विजय सिंह पुत्र भंवर सिंह निवासी पलाड़ा हाल महावीर कॉलोनी कुचामन सिटी पंचायत समिति सदस्य एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष नागौर ने पुलिस थाना कुचामन सिटी में रिपोर्ट पेश कर बताया कि दिनांक 13.02.2026 को रात 9 बजकर 16 मिनट पर उनके व्हाट्सएप नंबर 8875599999 पर अंतरराष्ट्रीय नंबर +44 7346 446997 से वॉयस मैसेज प्राप्त हुआ। उस समय वे सामाजिक कार्यक्रम में व्यस्त थे, इसलिए मैसेज नहीं देख पाए।

दिनांक 14.02.2026 को दोपहर 3 बजकर 45 मिनट पर उसी नंबर से वॉयस कॉल आया तथा 3 बजकर 46 मिनट पर “हेलो” मैसेज भेजा गया। इसके बाद उन्होंने पूरा मामला गंभीरता से लिया।
इसी दिन शाम 7 बजकर 53 मिनट और 8 बजकर 06 मिनट पर फिर से व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया गया। लगातार कॉल और वॉयस मैसेज भेजे गए।
धमकियों के बाद विजय सिंह ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उन्हें और उनके परिवार को जान का खतरा है। उन्होंने आशंका जताई है कि गैंग के सदस्य कभी भी उनके या उनके परिवार के साथ गंभीर वारदात कर सकते हैं।
रिपोर्ट के साथ व्हाट्सएप चैट, कॉल डिटेल के स्क्रीनशॉट तथा वॉयस रिकॉर्डिंग की कॉपी पेन ड्राइव/सीडी में सुरक्षित कर पुलिस को सौंपी गई है।
पहले ऑडियो में कहा गया कि
“राहुल बोल रहा हूं फतेहपुर, रोहित और वीरेंद्र चारण का तुम्हारे लिए स्पेशल मैसेज है। भाईचारे की बात है। देखो ग्रुप के लिए कोई फाइनेंशियल मदद करो। कल तक तुम्हारे मैसेज का इंतजार करेंगे। अगर कोई दूसरी सोच रखी है तो कल तक हां या ना का जवाब दे देना।”
इसके बाद सामने आए दूसरे ऑडियो में कहा गया कि
“वीरेंद्र चारण बोल रहा हूं… क्या पुलिस वाले बचा लेंगे… जैसे गोगामेड़ी और कुचामन वाले का किया था, वैसे ही आपका कर देंगे। धरती के किसी कोने में चले जाना, चमत्कार दिखा देंगे।”
पुलिस थाना कुचामन सिटी में रिपोर्ट दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(5), 352, 111(4), 351(3), 61(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज किया गया है।
थानाधिकारी सतपाल सिंह के अनुसार प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीएनएस में प्रविष्टि कर नियमानुसार एफआईआर जारी की गई है। पेन ड्राइव में दी गई वॉयस रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।
बता दें कि विजय सिंह पलाड़ा कुचामन के पलाड़ा गांव के रहने वाले हैं और लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे कुचामन सिटी पंचायत समिति सदस्य हैं। साथ ही पंचायत समिति संघ राजस्थान के प्रदेश उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय खेल एवं शिक्षा परिषद नागौर के चेयरमैन हैं। वे पूर्व में भाजपा जिला महामंत्री और भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनकी पत्नी पलाड़ा गांव की सरपंच हैं।
पुलिस अधीक्षक डीडवाना कुचामन को दी धमकी की जानकारी
विजय सिंह ने वॉयस नोट सुनने के बाद डीडवाना एसपी और कुचामन एएसपी को सूचना दी।
डीडवाना-कुचामन जिला एसपी ऋचा तोमर ने बताया कि सूचना मिलते ही साइबर टीम को अलर्ट कर दिया गया है। विदेशी नंबर और वॉयस रिकॉर्डिंग की तकनीकी जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रमेश रूलानिया हत्याकांड
रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण गैंग ने कुचामन में पिछले साल अक्टूबर में रमेश रूलानिया हत्याकांड को अंजाम दिया था। इस मामले में हत्या करने वाले आरोपी तो गिरफ्तार कर लिए गए थे। लेकिन विदेश में बैठे सरगना लगातार धमकियां दे रहे हैं।
हत्याकांड के बाद से इलाके के व्यापारी दहशत में हैं। व्यापारियों को लगातार धमकियां मिलने का सिलसिला पिछले दो साल से जारी है।
कुचामन सिटी: रमेश रूलानिया के हत्यारों की निकाली परेड, चीखता दिखा गणपत; कोर्ट ने भेजा चारों को जेल






