कुचामन सिटी. अखिल भारतवर्षीय श्री गुर्जरगौड़ ब्राह्मण महासभा खंड कुचामन इकाई के तत्वावधान में ग्रामीण क्षेत्र राणासर एवं रसाल ग्राम के समाजबंधुओं की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक का आयोजन राणासर ग्राम में किया गया।


बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित करना, सामाजिक कुरीतियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा भावी पीढ़ी के सर्वांगीण विकास हेतु ठोस एवं व्यवहारिक कदम तय करना रहा।

महासभा के सचिव सत्यप्रकाश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक महासभा जिला डीडवाना-कुचामन के अध्यक्ष भैंरूलाल उपाध्याय के मुख्य आतिथ्य एवं कुचामन तहसील अध्यक्ष गोविंद राम उपाध्याय की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ न्यायशास्त्र के प्रणेता महर्षि गौतम के चित्रपट पर तिलक, पुष्पमाला एवं विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इसके पश्चात समस्त समाजबंधुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर वातावरण को भक्तिमय बनाया।

बैठक में भंवरलाल शर्मा (नौनपुरा) ने समाज उत्थान को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि भैंरूलाल उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि समाज सुधार की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से करनी होगी, क्योंकि संगठित समाज ही प्रगति के पथ पर अग्रसर हो सकता है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में गोविंद राम उपाध्याय ने सामाजिक कुरीतियों पर समय रहते नियंत्रण तथा बच्चों के विवाह संबंधी विषयों पर गंभीर एवं जिम्मेदार दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में युवक संघ कुचामन के अध्यक्ष मुकेश उपाध्याय एवं उपाध्यक्ष मोहनलाल कलवाड़िया द्वारा कुचामन तहसील क्षेत्र के समस्त गुर्जरगौड़ ब्राह्मण परिवारों की जनगणना कराए जाने का महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा गया। जिसे समाजजनों का सर्वसम्मत समर्थन प्राप्त हुआ।
महर्षि गौतम प्राकट्य दिवस ग्राम स्तर पर मनाने का निर्णय
युवक संघ की ओर से धर्मेन्द्र कलवाड़िया ने समाज को आपसी संपर्क से जोड़ने हेतु सोशल मीडिया ग्रुप गठन का प्रस्ताव रखते हुए सभी समाजबंधुओं से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। इसके साथ ही महर्षि गौतम प्राकट्य दिवस प्रत्येक ग्राम स्तर पर भव्य रूप से मनाने का निर्णय भी लिया गया।
कार्यक्रम में धनराज जोशी, कमल जोशी, इंद्रचंद जोशी एवं नथमल जोशी ने भी समाज के संगठन एवं उत्थान से जुड़े अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में समाजबंधुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
इस अवसर पर राणासर-रसाल क्षेत्र से धनराज जोशी, रामावतार उपाध्याय, नथमल उपाध्याय, ओमप्रकाश शर्मा, राकेश उपाध्याय, शिवदयाल शर्मा, मनोज उपाध्याय, नागरमल जोशी, चिरंजीलाल, मनीष शर्मा, गौतम शर्मा, सत्यनारायण शर्मा, इंद्रचंद शर्मा, जगदीश उपाध्याय, कमल किशोर, बनवारीलाल, गोवर्धन लाल, घनश्याम शर्मा, दामोदर प्रसाद सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे। महासभा इकाई से भैंरूलाल उपाध्याय, गोविंद राम उपाध्याय, भंवरलाल शर्मा (नौनपुरा), मोहन कलवाड़िया, मुकेश उपाध्याय एवं धर्मेन्द्र कलवाड़िया सहित गणमान्य जनों की सहभागिता ने बैठक को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
कुचामन सिटी: जिला प्रभारी सचिव डॉ. समित शर्मा पहुंचे कुचामन, विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित






