कुचामन सिटी. राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चितावा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राजस्थान सरकार के सफलतम दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पर्यावरण जागरूकता रैली एवं प्रभात फेरी का भव्य आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, हरियाली एवं सतत विकास के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर से प्रभात फेरी के रूप में हुई, जो गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में संपन्न हुई।

प्रभात फेरी के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित तख्तियां एवं पोस्टर लेकर पर्यावरण बचाओ, भविष्य बचाओ, हरियाली है तो खुशहाली है एवं जल है तो कल है जैसे प्रेरक नारे लगाए, जिससे ग्रामीणों में पर्यावरण के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।
आयोजन का सफल संचालन प्राचार्य एवं पीईईओ श्री संजय कुमार मोहनपुरिया के मार्गदर्शन में किया गया। रैली प्रभारी सूर्यरेखा पारिक के नेतृत्व में समस्त गतिविधियाँ सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुईं। कार्यक्रम में भगवानाराम, ओम प्रकाश, विमला देवी यादव, रेशमा देवी, प्रदीप दीक्षित, घनश्याम, रचना, मीनू, मंजुला शर्मा, सुरेंद्र कुमार जांगिड़, तेजू देवी, मधुबाला एवं अशोक कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर प्राचार्य संजय कुमार मोहनपुरिया ने अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान सरकार द्वारा विगत दो वर्षों में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण एवं विकास के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक एवं जनहितकारी निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, जल संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितों को पर्यावरण संरक्षण, जल बचाने, स्वच्छता बनाए रखने एवं हरित राजस्थान के निर्माण की शपथ दिलाई गई। विद्यालय परिवार की ओर से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया।






