कुचामन सिटी. उपखंड अधिकारी विश्वामित्र मीणा ने नगर परिषद के आयुक्त शिकेश कांकरिया को मुख्यमंत्री शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत कुचामन शहर में सफाई कार्य को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया है।


निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि शहर के समस्त सरकारी कार्यालयों, श्मशान / कब्रिस्तानों और मुख्य एवं कॉलोनियों की सड़कों पर समय पर सफाई नहीं हो पा रही है, जिसके कारण शहर में गंदगी फैल रही है और स्वच्छता बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो रहा है।

उपखंड अधिकारी ने नगर परिषद को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में स्थित सभी सरकारी कार्यालयों जैसे सरकारी कॉलेज, स्कूल और अन्य कार्यालयों के परिसर में उगी अवांछित झाड़ियाँ, पेड़ और घास को योजना के तहत कटवाकर सफाई सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही शहर के सभी श्मशानों और कब्रिस्तानों में उगी अवांछित झाड़ियाँ, पेड़ और घास को 15 दिवस के भीतर काटकर सफाई करवाई जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि शहर की समस्त कॉलोनियों का निरीक्षण कर सड़कों और रास्तों पर उगे अवांछित पेड़ और झाड़ियों को हटाकर मार्गों को सुगम बनाया जाए।
विश्वामित्र मीणा ने नगर परिषद से यह सुनिश्चित करने को कहा कि उपरोक्त सभी कार्य 15 दिवस के भीतर पूर्ण किए जाएँ और उनकी पालन रिपोर्ट तुरंत उपखंड अधिकारी को भिजवाई जाए।
कुचामन झील प्रदूषण पर उपखंड अधिकारी का कड़ा निर्देश, नगर परिषद को दी चेतावनी






