कुचामन सिटी के कड़वा का बासड़ा रोड स्थित कृष्णा विहार पारिक कॉलोनी की सबसे आखिरी गली में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है। इलाके के लोगों ने गली में फैली गंदगी, कचरे और झाड़ियों को लेकर उपखण्ड अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी है।


स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले कई महीनों से नगर परिषद की ओर से यहां कोई सफाईकर्मी नहीं आता। गली में नालियां कचरे से भर चुकी हैं और सड़क पर पत्थर, कंकड़ व गंदगी फैली हुई है। वहीं चारों तरफ उगी झाड़ियां और बबूल के पेड़ इतने बड़े हो चुके हैं कि लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है, खासकर रात के समय में अंधेरे में परेशानी होती है।

लोगों का कहना है कि नगर परिषद को कई बार मौखिक और लिखित रूप में अवगत कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते अब उन्होंने उपखण्ड अधिकारी कुचामन सिटी को पत्र लिखकर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
निवासियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि नगर परिषद को निर्देश देकर गली की नियमित सफाई करवाई जाए, नालियों से कचरा हटाया जाए और झाड़ियों की कटाई करवाई जाए ताकि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण मिल सके।

कुचामन समेत नागौर के क्षेत्रों में फ्लोराइड प्रदूषण की जांच, शिवाजी कॉलेज ने शुरू किया अध्ययन






