कुचामन सिटी. वार्ड में सफाई व्यवस्था की गंभीर कमियों के चलते सड़कें गंदे पानी और कीचड़ से भरी हुई हैं, जिससे बदबू फैल रही है और लोगों को गंभीर बीमारियों का खतरा बना हुआ है।


आज नगर परिषद कार्यालय के सामने ही वार्ड 16 में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने आयुक्त और पार्षद पहुंचे।

निरीक्षण के दौरान नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या, स्थानीय पार्षद विक्रम राजोरिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल कुमावत, पार्षद खेताराम सिसोदिया और नगर परिषद जेईएन जुगल किशोर ने वार्ड का दौरा किया।


वार्ड नंबर 16 के पार्षद विक्रम राजोरिया का कहना है कि नगर परिषद के सामने ही वार्ड में गंदे पानी के जलभराव की समस्या पिछले 1 साल से बनी हुई है। निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण वार्ड के तीनों रास्ते खराब हालत में हैं। यहां तक कि लोगों के प्लॉट और घरों में भी गंदा पानी भर रहा है।
पार्षद ने लगाया कैबिनेट मंत्री पर आरोप
पार्षद विक्रम राजोरिया ने बताया कि कल वे राजस्थान सरकार के यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा से मुलाकात करने गए थे। उस दौरान मांग की गई कि कुचामन नगर परिषद को खंड का दर्जा दिया जाए, लेकिन मंत्री ने उनकी मांग को नजरअंदाज करते हुए वहां से चले गए।
पार्षद का कहना है कि एक मुलाकात में मंत्री झाबर सिंह ने यह तक कह दिया कि “तुम बीजेपी के पार्षद सब खाए हुए हो, वो भी खाया होगा।” पार्षद का आरोप है कि मंत्री स्थानीय विधायक को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। इस पर नगर परिषद नेता प्रतिपक्ष अनिल सिंह मेड़तिया ने भी मंत्री की बात का विरोध किया।
समाधान नहीं हुआ तो करेंगे आंदोलन
विक्रम राजोरिया ने कहा कि अगर वार्ड की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो शहरी सेवा शिविर को तोड़ दिया जाएगा और नगर परिषद का घेराव भी किया जाएगा।
बता दें कि निरीक्षण के बाद नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या ने समस्या के समाधन के आदेश दिए हैं।
कुचामन सिटी: बालाजी नगर पारीक कॉलोनी में नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ






