कुचामन सिटी. गर्भस्थ शिशु संरक्षण समिति (भारत) कुचामन इकाई के तत्वावधान में न्यू कॉलोनी स्थित रामेश्वरम् में एक गरिमामय आयोजन सम्पन्न हुआ।


इस अवसर पर समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकिशोर तिवारी एवं कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष श्यामसुंदर मंत्री द्वारा संगठनात्मक विस्तार की घोषणा करते हुए राजस्थान प्रदेश इकाई के मंत्री पद पर श्यामसुंदर सैनी तथा कुचामन क्षेत्र के तहसील अध्यक्ष पद पर सत्यप्रकाश शर्मा को मनोनीत कर महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान किया गया।

अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकिशोर तिवारी ने कहा कि गर्भस्थ शिशु संरक्षण समिति की स्थापना सिद्धपुरुष ब्रह्मलीन स्वामी रामसुखदास महाराज की प्रेरणा से हुई है। समिति का मुख्य उद्देश्य समाज में भ्रूण हत्या की रोकथाम, बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ अभियान को गति प्रदान करना, युवाओं में सदाचार एवं जीवन मूल्यों का संवर्धन तथा भावी पीढ़ी में संस्कारों का निर्माण करना है।
नव नियुक्त पदाधिकारियों को दायित्व ग्रहण कराते हुए कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष श्यामसुंदर मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि नवीन पदाधिकारियों के नेतृत्व में समिति के जनजागरण अभियान को और अधिक सशक्त व व्यापक रूप मिलेगा तथा समाज के हर वर्ग तक संगठन का संदेश पहुंचेगा।

साथ ही राष्ट्रीय सम्मेलन जोधपुर में नये जोड़े गए कार्यों बेटी को समय पर ब्याहो और बहू को पढ़ाओ, गीता ज्ञान परीक्षा, मातृ-पितृ चरण वंदन कार्यक्रम, घर-घर गंगाजल वितरण एवं सभी प्रकार के संस्कार कार्यक्रम करने की जानकारी दी।
इस अवसर पर स्थानीय समिति पदाधिकारी सचिव परमानंद अग्रवाल, उपाध्यक्ष मुरलीधर गोयल, सत्यनारायण मोर, नंदकिशोर बिड़ला, सुरेश झंवर, प्यारेलाल कुमावत, गिरधर दीक्षित एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी तथा समिति के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु सहयोग का आश्वासन दिया।
कुचामन सिटी: चैक प्रकरण में राजीनामा तोड़ने पर मुकेश कुमार गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
कुचामन सिटी: भारी बारिश से गलने लगी किसानों की फसलें, मंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान






