कुचामन सिटी. नाबालिग बालिका के अपहरण प्रकरण में पुलिस प्रशासन की लापरवाही और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित कुमावत समाज ने उपखण्ड अधिकारी सुनील चौधरी को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपा।


समाज ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी 48 घंटे में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो नावां व कुचामन में बाजार बंद और अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।

पीड़िता की मां ने बताया क्या हुआ था उस दिन
बालिका की मां के अनुसार – 27 अगस्त 2025 को उनकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री शिव मंदिर के पास प्रसाद लेने दुकान पर गई थी। तभी सफेद रंग की मारुति शिफ्ट कार (नंबर R337 CB 5112) में आए कमल चौधरी पुत्र मोहनराम चौधरी निवासी राधे पब्लिक स्कूल के पास कुचामन सिटी तथा दिनेश पुत्र गंगाराम कुमावत निवासी रैगरी कोठी कुचामन सिटी ने उसे जबरन गाड़ी में डालकर ले गए।
परिजनों को जानकारी मिलने के बाद तत्काल सुबह करीब 11:30 बजे थाने में लिखित रिपोर्ट दी गई, लेकिन पुलिस ने सात घंटे तक थाने में बिठाए रखा और शाम 6:32 बजे सामाजिक दबाव के बाद ही एफआईआर दर्ज की। परिजनों ने पुलिस को लगातार आरोपियों की लोकेशन बताई, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।


मीटिंग के बाद लिया ज्ञापन देने का फैसला, हजारों की संख्या में पहुंचे एसडीएम कार्यालय
ज्ञापन देने से पहले कुमावत समाज की बैठक शिव मंदिर परिसर में हुई। बैठक में सामूहिक निर्णय लिया गया कि प्रशासन को तत्काल ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की जाए। इसके बाद हजारों की संख्या में समाजजन जुलूस के रूप में रवाना हुए। रास्तेभर आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग और सत्ता विरोधी नारे लगाते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचे जहां ज्ञापन सौंपा गया।

समाज की चेतावनी दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम
कुमावत समाज अध्यक्ष राजकुमार फौजी ने बताया कि घटना के आठ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी को लेकर आज समाज के हजारों लोगों ने एकजुट होकर उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मांग की गई है कि 48 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी कर नाबालिग बालिका की बरामदगी की जाए। यदि दो दिन में कार्रवाई नहीं होती है तो कुचामन थाने का घेराव किया जाएगा और संपूर्ण कुचामन बंद कराया जाएगा। इस स्थिति की सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
कुचामन सिटी: चितावा पुलिस ने 12 किलो से ज्यादा डोडा पोस्त के साथ दो आरोपी दबोचे
कुचामन सिटी: नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार






