कुचामन सिटी में रक्षाबंधन का त्यौहार बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना कर रही हैं, वहीं भाई सदैव अपनी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हुए यह पवित्र धागा बंधवा रहे हैं।


श्रीकृष्ण और द्रौपदी की कथा से प्रेरित यह पर्व आज न केवल पूरे देश में बल्कि विदेशों में भी हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। भाई अपनी बहनों को उपहार देकर इस रिश्ते को और मजबूत बनाते हैं और जीवनभर उनकी सुरक्षा का वचन निभाने का संकल्प लेते हैं।

कई बहनों ने मंदिरों में भगवान को राखी बांधकर भी यह पर्व मनाया। किसी ने भगवान कृष्ण को, तो किसी ने वीर हनुमान को राखी अर्पित कर आरती और प्रार्थना की।
कुछ बहनें अपने भाइयों के पास नहीं पहुंच सकीं और कुछ भाई भी अपनी बहनों के घर नहीं आ सके। ऐसे में डाक सेवा, कुरियर या परिचितों के माध्यम से राखी भेजकर त्योहार की खुशियां साझा की गईं।

डिजिटल युग में सोशल मीडिया पर भी रक्षाबंधन का रंग छाया रहा। रात 12 बजे से ही लोग रील्स, स्टोरी और पोस्ट के जरिए शुभकामनाएं साझा करने लगे। इंटरनेट पर राखी की बधाइयों से भरे संदेश दिनभर वायरल होते रहे।
राखी बांधने के बाद बहनों और भाइयों ने सोशल मीडिया पर अपने फोटोज और वीडियो भी साझा किए।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मुख्यमंत्री दिया कुमारी और उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने भी इस त्यौहार को मनाया। बॉलीवुड में भी रक्षाबंधन का उत्साह देखने को मिला, जहां अक्षय कुमार, सलमान खान सहित कई सितारों ने अपनी बहनों के साथ यह दिन मनाया।
भद्रारहित तीन मुहूर्तः-
पं. कल्याण शास्त्री ने बताया कि शास्त्रानुसार भद्रा रहित तीन मुहूर्त बन रहे हैं। 9 अगस्त को अपराह्न काल का समय दोपहर बाद 1.51 से शाम 4.25 बजे तक, प्रदोष काल का समय शाम 7.05 से रात 9.16 बजे तक राखी बांधने का श्रेष्ठ समय है।
08 अगस्त को ही खत्म हो जाएगी भद्राः-
पंडित कल्याण शास्त्री ने बताया कि पांच वर्ष बाद ऐसा योग बन रहा है कि रक्षाबंधन पर भद्रा नहीं है। भद्रा 8 अगस्त को दोपहर 2.13 पीएम से मध्य रात्रि के बाद तक ही रहेगी। शास्त्रों के अनुसार रक्षाबंधन में भद्रा को टालना ही शुभ माना जाता है।






