डीडवाना-कुचामन ज़िले के खुनखुना थाना क्षेत्र के खोजास गांव में एक अधिवक्ता पर हुए हमले की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। इस हमले को लेकर अधिवक्ता समुदाय में भारी आक्रोश है और कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।


जानकारी के अनुसार – 27 जुलाई की रात क़रीब 9 बजे अधिवक्ता नरेंद्र किसी निजी आवश्यकता हेतु सामान लाने घर से बाहर निकले थे। उसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया।

आरोप है कि नंदाराम भाकर पुत्र जेठाराम और प्रकाश पुत्र पुरखाराम नामक युवकों ने अधिवक्ता की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया और उनके पास से नकदी भी छीन ली। इतना ही नहीं, हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। हमले के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पूर्व में भी विवादित गतिविधियों में संलिप्तता
मुख्य आरोपी नंदाराम भाकर के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रवृत्ति के कई मामले दर्ज हैं। गांव में उसकी गतिविधियों को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

अधिवक्ता संघ ने जताया आक्रोश
घटना के विरोध में डीडवाना अधिवक्ता संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ के सदस्यों ने कहा है कि यदि शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो वे न्यायिक कार्यों का बहिष्कार करेंगे।
पुलिस जांच – खुनखुना थाना पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्दी ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डीडवाना के कोलिया गांव में तेज धमाकों से कांप रही ज़मीन, घरों की दीवारों में दरारें






