डीडवाना-कुचामन पुलिस ने करोड़ों रुपये के फर्जी GST एवं इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) घोटाले के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी चार्टर्ड अकाउंटेंट मोहम्मद एहसान कुरैशी के तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा और वृताधिकारी उम्मेश गुप्ता के सुपरवीजन में थाना डीडवाना की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी मोहन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सहायता और खुफिया सूचना के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
41-42 करोड़ रुपए के फर्जी लेनदेन का खुलासा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब 60 फर्मों को प्रभावित कर 41 से 42 करोड़ रुपए तक के फर्जी GST लेनदेन किए गए। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी द्वारा विभिन्न फर्मों के GST पोर्टल का दुरुपयोग कर फर्जी इनवॉइस अपलोड किए गए और अवैध रूप से ITC क्लेम किया गया, जिससे सरकार को राजस्व हानि हुई।

इस संबंध में पुलिस थाना डीडवाना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। इस प्रकार के फर्जीवाड़े से जुड़े अब तक कुल आठ प्रकरण दर्ज हो चुके हैं।
ऐसे चलता था फर्जीवाड़े का नेटवर्क
जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न फर्मों के GST पंजीकरण दस्तावेजों एवं डिजिटल पहचान का दुरुपयोग करते थे। जिन फर्मों के बीच वास्तविक व्यापार नहीं हुआ, उनके नाम पर करोड़ों रुपये की खरीद-बिक्री दर्शाकर GST पोर्टल पर फर्जी लेनदेन अपलोड किए जाते थे।
आरोपियों द्वारा कई फर्मों की ई-मेल आईडी और पासवर्ड बदलकर GST पोर्टल का नियंत्रण अपने पास रखा जाता था और उसी के माध्यम से फर्जी बिल तथा ITC का खेल संचालित किया जाता था।
बड़े नेटवर्क की आशंका
पुलिस के अनुसार जांच में एक बड़े संगठित नेटवर्क के संकेत मिले हैं। कई ठेकेदारों, व्यापारियों और फर्म संचालकों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस GST रिकॉर्ड, बैंक खातों, इनवॉइस और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है। सरकारी राजस्व को हुई वास्तविक हानि और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लाभार्थियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
पंकज शर्मा (35) निवासी मिठड़ी, रामपाल शर्मा (36) निवासी जैसलान, आसिफ कुरैशी (31), निवासी मारवाड़ बालिया, थाना डीडवाना, जिला डीडवाना-कुचामन।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं और जांच लगातार जारी है।
कुचामन में दर्दनाक सड़क हादसा: बस की टक्कर से बाइक सवार युवती की मौत, एक गंभीर घायल







