कुचामन सिटी. पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत दीपपुरा में आज (सोमवार) सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए चल रही मतदान प्रक्रिया के दौरान बूथ पर हंगामा और मारपीट की घटना सामने आई है।

इस घटना में सरपंच प्रत्याशी के पति पुखराज राठी और वार्ड पंच प्रत्याशी रामनिवास कुमावत के साथ मारपीट की गई, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आई हैं।

परिवार की महिलाओं से भी की गई बदसलूकी
मामले को लेकर पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि मतदान के दौरान बूथ पर कुछ लोगों ने पुखराज राठी और रामनिवास कुमावत पर हमला कर दिया। बीच-बचाव के दौरान रामनिवास की मां के साथ धक्का-मुक्की की गई। आरोप यह भी है कि रामनिवास की गर्भवती पत्नी के साथ भी बदसलूकी करते हुए उन्हें धक्का दिया गया।
घायलों का कराया मेडिकल, रिपोर्ट दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। मारपीट में घायल हुए पुखराज राठी और रामनिवास कुमावत को गंभीर चोटें आने के कारण पुलिस ने दोनों का मेडिकल मुआयना करवाया है।

इन लोगों पर लगा मारपीट का आरोप
पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई रिपोर्ट में सुरेंद्र सिंह, संग्राम सिंह, हरीश कुमावत, राजूराम कुमावत सहित 10-15 अन्य लोगों पर एकराय होकर मारपीट करने और बदसलूकी करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कुचामन सिटी: महंत बालक नाथ योगी के सानिध्य में कल होगा गोपाष्टमी महोत्सव







