कुचामन सिटी. श्री समरिया सागर बालाजी गौशाला गौ सेवा समिति, पांचवा रोड द्वारा आगामी 17 नवम्बर 2026 (मंगलवार) को गोपाष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा।

यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन गौशाला परिसर में महंत बालक नाथ योगी (विधायक, तिजारा-अलवर) एवं गद्दीनशीन महंत, मठ अस्थल बोहर-रोहतक के पावन सानिध्य में संपन्न होगा।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11:00 बजे दीप प्रज्ज्वलन एवं गौ पूजन के साथ होगा। इसके पश्चात 11:15 बजे धर्मसभा एवं स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। वहीं 11:30 बजे गौ माताओं के लिए छप्पन भोग (अन्नकूट) का आयोजन होगा। कार्यक्रम के अंत में महाआरती एवं प्रसादी वितरण किया जाएगा।
महोत्सव की अध्यक्षता राजस्थान सरकार के राज्य मंत्री (राजस्व, उपनिवेशन एवं सैनिक कल्याण विभाग) विजय सिंह चौधरी करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध गौ-भक्त, समाजसेवी एवं भामाशाह महावीर प्रसाद मुन्धड़ा होंगे। विशिष्ट अतिथियों में महेश रामचन्द्रका (नगर परिषद, कुचामन सिटी) तथा भंवरसिंह भवाद (सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर, राजस्थान पुलिस) शामिल रहेंगे।

विशेष रूप से गौ-माताओं के लिए छप्पन भोग (अन्नकूट) का आयोजन स्वर्गीय भंवरी देवी मोर एवं स्वर्गीय शंकरलाल मोर की स्मृति में स्व. शंकरलाल मोर चैरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई द्वारा कराया जाएगा।
गौशाला समिति के अध्यक्ष रामेश्वर लाल कड़वा, मंत्री मनोज जोशी एवं कोषाध्यक्ष पवन अग्रवाल ने समस्त गौ-भक्तों एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में पधारकर गौ माता की महाआरती, प्रवचन एवं भजन-कीर्तन का धर्मलाभ प्राप्त करने तथा संतों का आशीर्वाद ग्रहण करने का आग्रह किया है।







