कुचामन सिटी. महावीर इंटरनेशनल परिवार की ओर से जनसेवा एवं सामाजिक सरोकारों के तहत 23 अक्टूबर को ‘खुशियों का बाजार’ सेवा अभियान आयोजित किया जाएगा।

संस्था अध्यक्ष वीर रामावतार गोयल ने बताया कि पूर्व में मिले अपार सहयोग और सफलता के बाद इस अभियान का पुनः आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम कुचामन के विकास पुरुष स्वर्गीय बालकिशन सारड़ा की प्रतिमा के सामने, पुराने बस स्टैंड पर सुबह 7:30 बजे से 10 बजे तक आयोजित होगा। इसमें जरूरतमंद परिवारों को पुनः उपयोग योग्य वस्तुएं मात्र ₹10 के सम्मानजनक शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
‘खुशियों का बाजार’ में पैंट, शर्ट, साड़ी, सलवार-सूट, बच्चों के वस्त्र, खिलौने, स्कूल बैग, पानी की बोतलें, बर्तन सहित विभिन्न उपयोगी सामग्री उपलब्ध रहेगी।

वीर अजित पहाड़िया के अनुसार – इस अभियान का उद्देश्य ‘सबकी सेवा, सबको प्यार’ और ‘जियो और जीने दो’ की भावना के साथ घरों में अनुपयोगी पड़ी, लेकिन उपयोग योग्य वस्तुओं को जरूरतमंद परिवारों तक सम्मानपूर्वक पहुंचाना, पुनः उपयोग की भावना को बढ़ावा देना तथा सेवा और सहयोग की भारतीय संस्कृति को मजबूत करना है।






