कुचामन सिटी. त्योहारों का सीजन चल रहा है। इसके बावजूद कई इलाकों में सफाई व्यवस्था की स्थिति में सुधार नजर नहीं आ रहा है।

सफाई ठेका कंपनी और उसके कर्मचारियों की लापरवाही के चलते स्कूलों के बाहर और कॉलोनियों के आसपास कचरे के ढेर लगे हुए हैं। जगह-जगह फैली गंदगी से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शहर की पहली तस्वीर बीआर खोखर स्कूल रोड की है। यहां दो दिन पहले सफाई कर्मचारियों ने नाली की सफाई की थी, लेकिन नाली से निकाली गई गंदगी अब तक सड़क किनारे पड़ी हुई है। इतना ही नहीं, गंदगी सड़क पर भी फैल गई है। पास में स्कूल होने के कारण इसी रास्ते से विद्यार्थी आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क पर फैली गंदगी के चलते उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब नाली की सफाई की जाती है तो निकाली गई गंदगी को भी समय पर उठाया जाना चाहिए। सड़क किनारे गंदगी पड़ी रहने से आसपास बदबू फैल रही है और लोगों का रहना मुश्किल हो रहा है।
वहीं, कुछ कदम दूर बापू नगर इलाके में भी सफाई व्यवस्था की ऐसी ही तस्वीर सामने आई है। यहां कचरा पात्र रखा हुआ है, लेकिन महीनों से कचरा उसके आसपास बिखरा पड़ा है। गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था भी ठीक नहीं होने से परेशानी बनी हुई है। कचरा सड़क तक फैलने से राहगीरों को आवागमन में दिक्कत होती है।

इसी प्रकार आचार्यों के मोहल्ले में भी कचरा पात्र भरा हुआ और सड़क पर कचरा बिखरा पड़ा रहता है। यहां आवारा पशुओं का जमावड़ा भी लगा रहता है, जिससे लोगों को रास्ते से गुजरने में परेशानी होती है।
सफाई व्यवस्था में सुधार की मांग
स्थानीय निवासियों की मांग है कि त्योहारों के सीजन को देखते हुए शहर की सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए। सफाई कर्मचारियों को नियमित रूप से कचरा उठाने के निर्देश दिए जाएं, ताकि नालियों से निकाली गई गंदगी और कचरा सड़कों पर कई दिनों तक नहीं पड़ा रहे।
कुचामन में अर्णब चक्रवात का असर, सुबह से छाए रहे बादल; 30 अक्टूबर का मौसम अपडेट






