कुचामन सिटी. बीती रात हुई बारिश के बाद कुचामन सिटी में मौसम का मिजाज बदल गया। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई और ठंडी हवाओं के कारण सर्दी जैसा माहौल बना रहा।
सोमवार सुबह भी हल्की बारिश हुई और आसमान में बादल छाए रहे। ठंडी हवाओं के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली।

बीते कुछ दिनों से क्षेत्र में तेज गर्मी का दौर चल रहा था। आसमान से बादल छंटने के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही थी। मौसम विभाग की सैटेलाइट इमेज में भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादलों की स्थिति कम दिखाई दे रही थी। ऐसे में अचानक हुई बारिश से मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली।
बारिश से तापमान में गिरावट
बारिश और ठंडी हवाओं के कारण सोमवार को कुचामन सिटी में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार – पिछले 24 घंटों में राजस्थान के ऊपर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से राज्य के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में सर्वाधिक 62 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
29 सितंबर से कम होगा विक्षोभ का प्रभाव
मौसम विभाग के अनुसार – 29 सितंबर से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। हालांकि पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आगामी एक सप्ताह के दौरान मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
कुचामन सिटी नगर परिषद में सभापति की बैठक, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों और निराश्रित गोवंश पर एक्शन







