नावां नगर पालिका चुनाव परिणाम सामने आने के बाद नावां भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश योगी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। चुनाव में भाजपा के अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाने के बाद यह इस्तीफा सामने आया है।
नावां नगर पालिका चुनाव: सभी 25 वार्डों के परिणाम घोषित, जानिए किस वार्ड से कौन जीता

नावां नगर पालिका के कुल 25 वार्डों में भाजपा को केवल 7 वार्डों में जीत मिली। वहीं कांग्रेस ने 10 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि 8 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे।
चुनाव परिणामों में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई, जबकि भाजपा 7 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर रही। ऐसे में परिणाम के बाद भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश योगी का इस्तीफा स्थानीय भाजपा संगठन के लिए बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।

इस्तीफे में भाजपा मंडल अध्यक्ष ने लिखा –
श्रीमती सुनीता जी रांदड़ जिलाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, नागौर देहात
विषयः नावां शहर भाजपा मंडल अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने बाबत।
महोदया,
सविनय निवेदन है कि में प्रकाश योगी, पिछले लगभग 5 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी, नावां शहर के मंडल अध्यक्ष पद पर कार्यरत हूँ। इस दौरान मैंने संगठन के सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पार्टी को मजबूत करने तथा संगठन के हित में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य किया है। विपक्ष में रहते हुए भी संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए लगातार कार्य किया, जिसका परिणाम विधानसभा चुनाव में नावां शहर में भाजपा को पहली बार लगभग 2700 मतों की बढ़त के रूप में सामने आया।
लेकिन सरकार बनने के लगभग छह माह बाद से नावां नगरपालिका क्षेत्र में संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं में लगातार रोष एवं असंतोष बढ़ता गया। कार्यकर्ताओं की उपेक्षा होने लगी तथा संगठन से जुड़े कार्यों में पुराने एवं समर्पित कार्यकर्ताओं के स्थान पर निजी लोगों को प्राथमिकता दिए जाने की स्थिति बनी। जिला संगठन द्वारा संगठन की मजबूती के लिए भरसक प्रयास किए जाने के बावजूद भी मंत्री जी एवं निजी लोगों द्वारा किए जाने वाले हस्तक्षेप में कोई कमी नहीं आई। इस संबंध में मैंने समय-समय पर माननीय मंत्री महोदय श्री विजय सिंह जी चौधरी को मौखिक एवं लिखित रूप से अवगत कराया।
मेरे विचार से वर्तमान समय में माननीय मंत्री महोदय के नेतृत्व में नावां विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी का संगठन प्रभावी एवं मजबूत नेतृत्व से वंचित होता जा रहा है, जिसका प्रत्यक्ष नगर निकाय चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन के रूप में सामने आया है।
वर्ष 2026 के नगर पालिका चुनाव के संबंध में भी मैंने माननीय मंत्री महोदय को बार-बार आगाह किया था कि वर्तमान परिस्थितियों एवं कार्यकर्ताओं की नाराजगी के कारण नावां नगर पालिका चुनाव में पार्टी को नुकसान हो सकता है।
इसी प्रकार परिसीमन के समय भी संगठन एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं की राय को दरकिनार करते हुए भाजपा के परंपरागत वार्डों में बदलाव खुर्द-बुर्द किए जाने से कार्यकर्ताओं में असंतोष उत्पन्न हुआ। मैंने इस संबंध में भी संगठन के समक्ष अपनी चिंता व्यक्त की थी।
आज नावां शहर नगर पालिका चुनाव का जो परिणाम सामने आया है, उसके पीछे पिछले लगभग तीन वर्षों से नगर पालिका में अपेक्षित विकास कार्य नहीं होने तथा पूर्ववर्ती सरकार की तरह भ्रष्टाचार व्याप्त होने की जनता में बनी धारणा भी एक प्रमुख कारण है। इसका परिणाम आज चुनाव में सामने आया है, जिसे हम स्वीकार करते हैं।
दुर्भाग्यवश, चुनाव के दौरान माननीय मंत्री महोदय से जुड़े कुछ निजी व्यक्तियों द्वारा मेरे विरुद्ध खुले रूप से प्रचार किया गया तथा मेरे सामने निर्दलीय प्रत्याशी के घर जाकर मुझे हराने के लिए बैठकें की गईं और विभिन्न प्रकार के कार्य करने एवं सहयोग देने के वादे किए गए। मेरे विचार से इस प्रकार की गतिविधियां भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा एवं संगठनात्मक अनुशासन के अनुरूप नहीं हैं।
माननीय मंत्री महोदय के निर्देश/निर्णय के अनुसार भाजपा की ओर से 24 सीटों पर प्रत्याशी उतारे गए थे, जिनमें से केवल 7 सीटों पर भाजपा प्रत्याशी विजयी हुए। यह पिछले 40 सालों का इतिहास पलटा है, यह परिणाम नावां शहर में पार्टी संगठन एवं चुनावी रणनीति को लेकर गंभीर चिंतन की आवश्यकता को दर्शाता है।
मैंने चुनाव से पूर्व ही माननीय मंत्री महोदय को संभावित परिणाम के संबंध में कई बार अवगत कराया था, लेकिन मेरी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया और मेरी चेतावनियों को दरकिनार कर दिया गया। दुर्भाग्यवश चुनाव परिणाम मेरी आशंका के अनुरूप रहे और नावां नगर पालिका में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।
इस परिस्थिति में मैं मंडल अध्यक्ष होने के नाते नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए अपने पद से इस्तीफा प्रस्तुत कर रहा हूँ। साथ ही, मेरा स्पष्ट मत है कि इस हार के प्रमुख कारणों में संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा, संगठन के बजाय निजी लोगों को प्राथमिकता देना तथा माननीय मंत्री महोदय श्री विजय सिंह जी चौधरी की कार्यप्रणाली भी शामिल है। इन सभी विषयों को मैं पूर्व में भी माननीय मंत्री महोदय के संज्ञान में ला चुका हूँ।
मेरा यह इस्तीफा किसी व्यक्तिगत स्वार्थ अथवा पद की लालसा के कारण नहीं है। में कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा, संगठनात्मक परिस्थितियों तथा नगर पालिका चुनाव में पार्टी की हुई हार से व्यथित होकर यह निर्णय ले रहा हूँ।
साथ ही में यह स्पष्ट करना चाहता हूँ कि जब तक नावां विधानसभा क्षेत्र से माननीय विधायक श्री विजय सिंह जी चौधरी हैं, तब तक मैं संगठन में किसी भी जिम्मेदार पद की जिम्मेदारी स्वीकार नहीं करूँगा। हालांकि मैं पार्टी की विचारधारा एवं संगठन के प्रति अपनी निष्ठा बनाए रखते हुए एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के हित में कार्य करता रहूँगा।
अतः आपसे निवेदन है कि मेरा नावां शहर भाजपा मंडल अध्यक्ष पद से इस्तीफा स्वीकार करने की कृपा करें।








