डीडवाना-कुचामन पुलिस ने मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


पुलिस ने घटना के मात्र 72 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जयपुर से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार, चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार तथा मुख्य आरोपी महिपाल के पास से एक अवैध देसी कट्टा और 9 जिंदा राउंड भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा, वृताधिकारी जेठू सिंह के सुपरविजन तथा थाना बरड़वा के थानाधिकारी मानवेन्द्र सिंह और चौकी प्रभारी सुदराशन महावीर प्रसाद के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की।
350 सीसीटीवी कैमरों की जांच से मिला सुराग
20 जुलाई 2026 को थाना बरड़वा क्षेत्र के ग्राम पायली, सरदारपुरा खुर्द, दाउदसर और मोडियावट स्थित विभिन्न मंदिरों में अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर चांदी के छत्र, धार्मिक आभूषण तथा दानपात्रों में रखी नकदी चोरी कर ली थी। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

अनुसंधान के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों और संभावित मार्गों पर लगे करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का तकनीकी विश्लेषण किया। साइबर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में प्रयुक्त वाहन की पहचान की गई तथा विभिन्न जिलों में दबिश देकर आरोपियों की निगरानी की गई। इसके बाद पुलिस ने जयपुर से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार जब्त कर ली।
पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर मंदिरों की रेकी करते थे और रात के समय कमजोर सुरक्षा वाले धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों ने लोसल, खूड (सीकर), चितावा (डीडवाना-कुचामन), सीकर कोतवाली, सीकर सदर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में मंदिर चोरी और मोटरसाइकिल चोरी की कई वारदातें करना स्वीकार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह में राजस्थान और उत्तर प्रदेश के सदस्य शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में अजय कुमार भार्गव (24) निवासी कल्याणपुरा श्रीमाधोपुर (हाल निवासी वैशाली नगर, जयपुर), प्रियांशु उर्फ भानु (25) निवासी फर्रुखाबाद उत्तर प्रदेश (हाल निवासी श्याम नगर, सोडाला, जयपुर) तथा महिपाल निवासी लोसल जिला सीकर शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी, चोरी गए माल की बरामदगी तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज समान प्रकृति के मामलों और अवैध हथियार व कारतूस के स्रोत की जांच जारी है।
रोहित गोदारा गैंग से नावां के ठेकेदार को धमकी, एसपी आज करेंगे कुचामन का दौरा






