कुचामन सिटी. महावीर इंटरनेशनल के 52वें स्थापना पखवाड़े का शुभारंभ बुधवार को ‘खुशियों का बाजार’ कार्यक्रम के साथ हुआ।


1 से 14 जुलाई तक चलने वाले सेवा पखवाड़े के तहत संस्था द्वारा विभिन्न जनसेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

5 रुपए में मिली जरूरत की सामग्री
स्थापना पखवाड़े के पहले दिन पुराने बस स्टैंड स्थित स्वर्गीय बालकिशन सारड़ा की प्रतिमा के सामने सुबह 7:30 से 9:30 बजे तक ‘खुशियों का बाजार’ लगाया गया। इस दौरान पुनः उपयोग योग्य पैंट, शर्ट, साड़ी, सलवार-सूट, बच्चों के कपड़े, खिलौने, स्कूल बैग, पानी की बोतलें, बर्तन सहित अन्य उपयोगी सामग्री जरूरतमंद परिवारों को मात्र ₹5 के सम्मानजनक शुल्क पर उपलब्ध कराई गई।
नावां सिटी: रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत

संस्था ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य घरों में अनुपयोगी लेकिन उपयोग योग्य वस्तुओं को जरूरतमंद परिवारों तक सम्मानपूर्वक पहुंचाना, पुनः उपयोग की भावना को बढ़ावा देना तथा सेवा और सहयोग की संस्कृति को मजबूत करना है। इसी अवसर पर संस्था के वरिष्ठ सदस्य वीर रतनलाल मेघवाल के जन्मदिवस पर ‘अपना घर’ एवं अन्नपूर्णा रसोई में जरूरतमंदों को भोजन भी कराया गया।
सेवा पखवाड़े में होंगे कई जनहित के कार्यक्रम
संस्था के अध्यक्ष रामावतार गोयल ने बताया कि सेवा पखवाड़े के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध जनजागरण, ‘कपड़े की थैली-मेरी सहेली’ अभियान, विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण, शैक्षणिक सामग्री वितरण, यातायात जागरूकता अभियान, वृक्षारोपण, बेबी किट एवं सेनेटरी पैड वितरण, ‘सुकून की छांव’ अभियान के तहत सड़क किनारे विक्रेताओं को छाते वितरित करना, नेत्र जांच एवं स्वास्थ्य शिविर, नशा मुक्ति अभियान तथा ‘जल ही जीवन है’ विषय पर जनजागरूकता सहित अनेक सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
वीर अजित पहाड़िया ने बताया कि कार्यक्रम में वीर नंदकिशोर बिडसर, वीर अशोक अजमेरा, वीर रतनलाल मेघवाल, वीर विजय पहाड़िया, वीर सम्पत बगड़िया, वीर संदीप पांड्या, वीर सुरेंद्र सिंह दीपपुरा, वीर विकास, वीर सौरभ, वीर आशीष, वीर पारस जैन, वीरा सरोज पाटनी, वीर कमल गोड, वीर प्रदीप गंगवाल, बलराम प्रधान तथा महेश भोमराजका का सराहनीय सहयोग रहा।
कार्यक्रम में पूर्व उपसभापति हेमराज चावला ने भी महावीर इंटरनेशनल के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए सभी सदस्यों का उत्साहवर्धन किया।






