कुचामन पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक क्रेटा कार से 1 किलो 507 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया है।


पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा एवं वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल के सुपरविजन तथा थानाधिकारी राजेन्द्र खदाव के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

नाकाबंदी के दौरान पकड़ी गई क्रेटा कार
पुलिस के अनुसार – 25 जुलाई को पुलिस चौकी मण्डावरा के सामने उप निरीक्षक विजय मीणा पुलिस जाप्ते के साथ नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एचआर-76-सी-0537 नंबर की क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन के डैशबोर्ड में विशेष रूप से छिपाकर रखी गई 1 किलो 507 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
दो आरोपी गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज
मौके से पुलिस ने पवन नाथ (32) निवासी पाटमदेसर जिला चूरू तथा घनश्याम (26) निवासी बरड़ासर जिला चूरू को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार को जब्त कर लिया गया।

आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना कुचामन सिटी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/18 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण का अनुसंधान पंकज कुमार (पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी मकराना) को सौंपा गया है।
डीडवाना-कुचामन पुलिस ने अंतरराज्यीय मंदिर चोरी गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन मुख्य आरोपी गिरफ्तार






