कुचामन शहर में अतिक्रमण पर लगाम लगाने के लिए शनिवार सुबह प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।


शहर में कई स्थानों पर ठेले सड़कों पर खड़े रहने से आमजन को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेषकर बड़े वाहनों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न होती है।

इसी समस्या को देखते हुए नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया के निर्देश पर नगर परिषद के एएसआई राजेंद्र गोयर के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। टीम ने शहर के मुख्य मार्ग, पुराना बस स्टैंड, कनोई पार्क के पीछे की गली और गोल प्याऊ सहित विभिन्न क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाया।
नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के बाहर रखा सामान स्वयं हटा लें और अतिक्रमण न करें। अन्यथा चालान काटने के साथ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।







