कुचामन सिटी. राजस्थान उच्च न्यायालय के आदेशों तथा जिला सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशों की पालना में मेगा हाईवे कुचामन बाईपास पर सड़क सीमा के भीतर किए गए अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई 16 जून को की जाएगी।


जानकारी के अनुसार – रिडकोर पेट्रोलिंग टीम द्वारा बाईपास मार्ग पर सड़क सीमा में स्थित विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के विज्ञापन बोर्ड, होर्डिंग्स तथा अन्य अस्थायी संरचनाओं को चिन्हित किया गया है। इन संरचनाओं को सड़क भूमि पर अतिक्रमण माना गया है, जिन्हें हटाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया है।

कार्रवाई को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए उपखंड अधिकारी कुचामन ने तहसील प्रशासन, नगर परिषद तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों की एक संयुक्त समिति गठित की है। समिति को 16 जून को मेगा हाईवे के किनारे स्थित चिन्हित अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी उठते रहे हैं सवाल
कुचामन मेगा हाईवे पर आए दिन होने वाले सड़क हादसों के कारण सुरक्षा व्यवस्थाएं लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। बीते दिनों क्षेत्र में एक थार और ट्रक की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई थी।

हाईवे पर कई स्थान ब्लैक स्पॉट हैं। जहां लंबे समय से सड़क दुर्घटनाएं होती रही हैं, लेकिन इन स्थानों पर मौजूद सुरक्षा संबंधी कमियों की ओर लंबे वक्त से प्रशासन का ध्यान नहीं गया। कई जगहों पर साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टिव संकेतक एवं अन्य सड़क सुरक्षा उपकरण पर्याप्त नहीं हैं। वहीं हाईवे पर आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या भी हादसों का कारण बन रही है। इसके अलावा कुचामन गेट के पास स्थित क्रॉसिंग पर ट्रैफिक सिग्नल का अभाव तथा कई स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से विशेषकर रात्रि के समय वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार कम दृश्यता के कारण वाहन डिवाइडर से टकराने की घटनाएं भी सामने आती हैं।
ऐसे में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित न रहकर सड़क सुरक्षा और आमजन की सुविधा को केंद्र में रखकर की जानी चाहिए। इसके साथ ही हाईवे पर साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टिव संकेतक, प्रकाश व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन तथा आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाया जा सके और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
कुचामन राजकीय जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक को सेवा हेतु वाटर डिस्पेंसर भेंट






