नावां शहर के युवा उद्योगपति, भामाशाह एवं समाजसेवी राजेश गोयल पुत्र कुंज बिहारी गोयल को जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह में लगातार तीसरी बार ‘शिक्षा श्री’ अवार्ड से सम्मानित किया गया।


इस वर्ष उन्हें पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नावां सिटी में 14 लाख 62 हजार रुपए की लागत से पुस्तकालय भवन का निर्माण करवाने पर यह सम्मान प्रदान किया गया।

राजेश गोयल इससे पूर्व भी कई विद्यालयों में कक्ष-कक्षों का निर्माण करवा चुके हैं। इसके अलावा वे प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में छात्राओं को अध्ययन हेतु छात्रवृत्ति भी प्रदान करते हैं।
पीएम श्री विद्यालय के व्याख्याता गोपालराम दोदवाड़िया एवं पूरणमल कला ने विद्यालय परिवार की ओर से बधाई देते हुए कहा कि राजेश गोयल समाज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका शिक्षा और समाज सेवा के प्रति समर्पण अनुकरणीय है। ऐसे युवा ही राष्ट्र के चरित्र का निर्माण करते हुए देश को प्रगति के पथ पर अग्रसर करते हैं।

उल्लेखनीय है कि राजेश गोयल ने अपने उद्योगों के माध्यम से सैकड़ों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया है। साथ ही वे विभिन्न सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में आर्थिक सहयोग देकर समाज सेवा में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।






