कुचामन सिटी. तेज आंधी-तूफान और बारिश ने डीडवाना-कुचामन जिले में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया।


आंधी की वजह से कई स्थानों पर पेड़ धराशायी हो गए तथा घरों की टीन शेड उड़ गईं। तेज हवाओं की चपेट में आने से कई बिजली पोल भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे शहर और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही।

शनिवार शाम करीब 5 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला, जिसके बाद तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ जो देर रात तक जारी रहा।
मौलासर तहसील में आंधी का अधिक असर देखने को मिला। जहां एक पेट्रोल पंप की छत पूरी तरह गिर गई। हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है। जिले के अन्य क्षेत्रों में भी मकानों, दुकानों और पेड़ों को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई हैं।


आगामी 1-2 दिन आंधी-बारिश की संभावना
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के ऊपर बने परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से राजस्थान के कुछ भागों में आगामी एक से दो दिन तक आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इसके बाद पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि 8 जून से आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी आने तथा तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में 8 से 11 जून के दौरान अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है तथा कुछ स्थानों पर हीटवेव चलने की भी आशंका है।






