कुचामन सिटी के न्यू बस स्टैंड पर सवारियों से भरी एक बस के शीशे फोड़ने, चालक-परिचालक को धमकाने और नकदी छीनने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जयपुर निवासी बस मालिक कुलदीप सिंह की ओर से दर्ज रिपोर्ट के अनुसार – उनकी बस जयपुर-नागौर रूट पर संचालित होती है। बुधवार शाम करीब 4:40 बजे बस निर्धारित समय पर कुचामन न्यू बस स्टैंड पहुंची। आरोप है कि दूसरी बस के चालक ने उनकी बस के आगे वाहन खड़ा कर रास्ता रोक दिया।

रिपोर्ट में बताया गया है कि इसके बाद मुकेश लेगा निवासी लेगा की ढाणी, नरेश कडवा पुत्र अर्जुन कडवा निवासी सुजानपुरा, नोशाद निवासी लाडनू, सेवाराम और हनुमान लाठियां लेकर पहुंचे और बस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने बस के शीशे तोड़ दिए। इस दौरान बस चालक और परिचालक हर्षित ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि मुकेश लेगा ने हर्षित के हाथ पर दांत से काट लिया तथा उसकी जेब से 14 हजार रुपए निकाल लिए।
परिवादी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकियां दीं। साथ ही बस में सवार यात्रियों को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। घटना के दौरान यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और चालक, परिचालक व यात्रियों ने मुश्किल से अपना बचाव किया। घटना में करीब दो लाख रुपए के नुकसान का दावा किया गया है।

कुचामन सिटी थाना पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल परिचालक हर्षित का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, जबकि मामले की जांच हेड कांस्टेबल रोहिताश को सौंपी गई है।
सरकार में दम है तो अब रोक कर दिखाना; सांसद बेनीवाल, चुनाव से पहले RLP-BJP में टकराव






