कुचामन सिटी. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के कुचामन सिटी आगमन के दौरान राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया।


इस दौरान पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए हल्का बल प्रयोग किया तथा 9 आरएलपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

जानकारी के अनुसार – भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए कुचामन सिटी पहुंचे थे। उनके आगमन के दौरान आरएलपी कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध जताया।
बताया जा रहा है कि हाल ही में आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लेकर टिप्पणी करते हुए उन्हें “मूर्खाधिराज” कहा था तथा राज्य मंत्रिमंडल को “मूर्खों का मंत्रिमंडल” बताया था। इसके बाद भाजपा नेताओं की ओर से भी लगातार बयान सामने आए।

इसी क्रम में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा था कि हनुमान बेनीवाल शायद नशे की हालत में ऐसे बयान देते हैं। वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा था कि ऐसे व्यक्तियों का सामाजिक बहिष्कार किया जाना चाहिए। इन बयानों के बाद भाजपा सरकार के कई मंत्रियों और नेताओं ने भी हनुमान बेनीवाल के खिलाफ बयान जारी किए थे।
इन्हीं घटनाक्रमों के विरोध में आरएलपी कार्यकर्ताओं ने मदन राठौड़ के कुचामन दौरे के दौरान काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “मदन राठौड़ मुर्दाबाद” के नारे भी लगाए। मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए 9 आरएलपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।






