कुचामन सिटी. भारतीय जनता पार्टी नागौर देहात द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत सरला बिरला कल्याण मंडल में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।



समापन सत्र में भाजपा राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने “विचार परिवार” विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। सत्र की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. ज्योति मिर्धा ने की।
मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, सेवा, संस्कार और समर्पण से जुड़ा एक विराट विचार परिवार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विचार परिवार की शक्ति को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि आज विश्व में भारत का गौरव अभूतपूर्व रूप से बढ़ा है और यदि विश्व में सबसे परिपक्व, दूरदर्शी एवं प्रभावशाली नेतृत्व है तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. ज्योति मिर्धा ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं की भावनाओं, सुझावों और अपेक्षाओं का सम्मान करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का विश्वास दिलाया।

इससे पूर्व आयोजित विभिन्न सत्रों में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने “भाजपा का इतिहास एवं विकास” विषय पर विस्तृत मार्गदर्शन देते हुए पार्टी की वैचारिक यात्रा, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डाला।
जिला संगठन प्रभारी राजेन्द्र बोराणा ने बूथ प्रबंधन, स्थायी कार्यक्रम, मन की बात एवं आईटी के प्रभावी उपयोग पर जानकारी दी। अजमेर शहर जिलाध्यक्ष रमेश सोनी ने देश के समक्ष राजनीतिक एवं सामाजिक चुनौतियों तथा कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विचार व्यक्त किए।
प्रशिक्षण वर्ग में जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों नावां, परबतसर, मकराना, डीडवाना और लाडनूं से आए पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। दूसरे दिन की शुरुआत शाखा, योग एवं प्रार्थना से हुई।
समापन अवसर पर मदन राठौड़ ने प्रशिक्षण वर्ग के सफल आयोजन में योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का सम्मान किया। जसराज खुड़ीवाल के नेतृत्व में गठित व्यवस्था टीम के कार्यों की विशेष सराहना की गई।
जिलाध्यक्ष सुनीता माहेश्वरी ने प्रदेश नेतृत्व, सभी वक्ताओं, प्रभारियों, प्रशिक्षण महाअभियान की प्रदेश स्तरीय टीम तथा कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं के लिए वैचारिक जागरण, संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण और नेतृत्व विकास का प्रभावी माध्यम साबित हुआ।
प्रशिक्षण वर्ग में राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी, अखलेश प्रताप सिंह, संतोष मेघवाल, जगबीर छाबा, रजनी गावड़िया, नवनील गौड़, मानसिंह किंसरिया, रूपाराम मुरावतिया, राम भींचर, जितेंद्र सिंह जोधा, करणी सिंह, सुमिता भींचर, भागीरथ चौधरी, किशन भींचर, डॉ. देवीलाल दादरवाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह पलाड़ा ने किया।






