कुचामन सिटी सहित पूरे डीडवाना-कुचामन जिले में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया।


कई क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ बारिश, तेज आंधी और हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम ठंडा होने के कारण दिन और रात के तापमान में भी कमी देखी गई।

हालांकि अब जयपुर मौसम विभाग ने आगामी दिनों को लेकर नई चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 6 से 10 मई के बीच राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है, जिसके चलते तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है। अगले 3 से 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने का अनुमान जताया गया है।
वर्तमान में कुचामन सिटी का अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। यही स्थिति पूरे डीडवाना-कुचामन जिले के अन्य शहरों में भी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज हो सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। वहीं जोधपुर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में 7 मई से आगामी 3-4 दिनों तक 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही दोपहर बाद कहीं-कहीं मेघगर्जन और हल्की बारिश भी हो सकती है।
विभाग के अनुसार 9 मई से पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव का नया दौर शुरू होने की संभावना है। जोधपुर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में और न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस सिरोही में रिकॉर्ड किया गया।
कुचामन जिला चिकित्सालय निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे कलक्टर अवधेश मीणा






