नावां. खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की केंद्रीय टीम ने नावां सिटी में नमक निर्माण इकाई पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 92,496 किलोग्राम आयोडीन नमक मौके पर ही सीज़ किया है।


आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर प्रदेश में चलाए जा रहे शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत शुक्रवार को अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के नेतृत्व में केंद्रीय दल ने नावां सिटी स्थित नमक निर्माण करने वाली फैक्ट्री पर निरीक्षण किया।

नमक में आयोडीन नहीं, फर्म मालिक ने स्वीकारा
कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में पाए गए ब्रांड के लगभग 92,500 किलोग्राम आयोडाइज्ड नमक की आयोडीन स्पॉट टेस्ट किट से जांच की गई। जांच में यह पाया गया कि नमक में आयोडीन मिलाया ही नहीं गया था। इस संबंध में फर्म मालिक ने भी इस तथ्य को स्वीकार किया।
इसके बाद टीम ने खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत नमक के नमूने लेकर लगभग 92,496 किलोग्राम आयोडीन नमक मौके पर ही सीज़ कर दिया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित, विनोद शर्मा एवं लोकेश शामिल रहे। जबकि डीडवाना-कुचामन जिले से खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल भी मौके पर उपस्थित रहे।
डीडवाना वन विभाग की खेजड़ी के अवैध परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, तीन पिकअप जब्त






