कुचामन सिटी. ग्राम पंचायत दीपपुरा के गांव ढाणियों एवं डुकिया पेट्रोल पंप के पीछे स्थित पंचशील कॉलोनी, रैगर मोहल्ला व मेघवाल बस्ती में घर-घर नल योजना की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।


योजना में व्याप्त लापरवाही, अनियमितता और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ ग्रामीणों ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है।

डुकिया पेट्रोल पंप के पीछे स्थित बस्ती की स्थिति सबसे अधिक बदतर है। जहां आज तक पाइपलाइन तक नहीं बिछाई गई। लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या से त्रस्त ग्रामीणों ने सोमवार को भगत सिंह यूथ ब्रिगेड की अगुवाई में डुकिया पेट्रोल पंप के पीछे बस्ती में एकत्र होकर घर-घर नल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि पानी की आपूर्ति नहीं होने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन संबंधित विभाग की ओर से आज तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है।

आंदोलन की चेतावनी, शीघ्र जलापूर्ति शुरू करें
इस अवसर पर भगत सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष एवं विश्व जाट महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष परसाराम बुगालिया ने कहा कि पानी जैसी बुनियादी आवश्यकता के लिए ग्रामीणों को आंदोलन करना पड़ रहा है, जो प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यह प्रशासन की घोर विफलता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र जलापूर्ति शुरू नहीं की गई तो संगठन ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन को और तेज करेगा।

प्रदर्शन के पश्चात भगत सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रतिनिधिमंडल ने जलदाय विभाग को पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जल्द से जल्द जल आपूर्ति शुरू करने, पाइपलाइन सुधारने तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस मौके पर परसाराम बुगालिया, कमलकांत डोडवाडिया, मुननाराम महला, सीताराम जाटोलिया, महेश कुमार जाटोलिया, मूलचंद मोहनपुरिया, नंदूराम खोरवाल, गजेंद्र झाड़ोलिया, नरेंद्र मोहनपुरिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






