कुचामन सिटी. शिक्षा नगरी में विप्र समाज के आराध्य देव भगवान परशुराम का सर्किल शीघ्र ही बनाया जाएगा। इस संबंध में शुक्रवार को विप्र समाज के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक विजयसिंह चौधरी से मुलाकात कर सर्किल के शिलान्यास कार्यक्रम हेतु आमंत्रण पत्र सौंपा।


प्रतिनिधिमंडल द्वारा कार्यक्रम के लिए समय मांगे जाने पर राज्यमंत्री चौधरी ने कहा कि विप्र समाज उनका अत्यंत सहयोगी रहा है और उनके कार्यकाल में भगवान परशुराम सर्किल का निर्माण होना उनके लिए गौरव की बात है।

उन्होंने शिलान्यास कार्यक्रम की तिथि शीघ्र तय कर सूचित करने का आश्वासन दिया। साथ ही नगर परिषद कुचामन सिटी के सभापति सुरेश सिखवाल को तत्काल सर्किल के लिए उपयुक्त स्थान तय कर सूचना देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विप्र समाज कुचामन सिटी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज जोशी, राजस्थान ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष घनश्याम गौड़, पारीक समाज अध्यक्ष भंवरलाल पुरोहित, विप्र समाज के सचिव घनश्याम नवहाल, उपाध्यक्ष नरेन्द्र जोशी एवं रविकांत सारस्वत, संयुक्त मंत्री संजय उपाध्याय, गौड़ समाज के जिलाध्यक्ष गिरीराज खरीट सहित समाज के अनेक पदाधिकारी व प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। सभी ने राज्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।


इसके पश्चात मध्याह्न में ब्राह्मण समाज के प्रबुद्धजनों द्वारा प्रस्तावित सर्किल स्थल का अवलोकन किया गया। नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया एवं सहायक अभियंता गुप्ता की मौजूदगी में नगर परिषद के सामने मार्ग की नाप-जोख कर सर्किल निर्माण स्थल की भूमि का पिन-पॉइंट निर्धारित किया गया।
कुचामन सर्व ब्राह्मण समाज के विद्यालय समिति में निर्विरोध अध्यक्ष बने मनोज जोशी






