शिविर में प्रथम दिन 251 दिव्यांगजन लाभान्वित
कुचामन सिटी. महावीर इंटरनेशनल के तत्वावधान में राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर के संयुक्त सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क विशाल दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर का शुभारंभ सोमवार को बसंत कुमार बिड़ला बारात भवन, नली का बालाजी में हुआ।


कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं महावीर प्रार्थना के साथ किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद कुचामन सिटी के सभापति सुरेश सिखवाल एवं आयुक्त शिकेश कांकरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का पारंपरिक रूप से साफा एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।

सभापति सुरेश सिखवाल का स्वागत सुरेंद्र जैन एवं प्रदीप जैन द्वारा किया गया। जबकि आयुक्त शिकेश कांकरिया का स्वागत आनंद सेठी एवं सुरेश गौड़ ने किया। समाज कल्याण अधिकारी रजनीश चौधरी का स्वागत नरेश जैन एवं मुरली द्वारा किया गया। महावीर विकलांग सहायता समिति के शिविर प्रभारी सुरेश मेहरा (अजमेर) का स्वागत बलराम प्रधान एवं विकास जैन ने किया। मुख्य शिविर प्रभारी सुभाष जैन पहाड़िया का स्वागत सुभाष गंगवाल एवं अजीत पहाड़िया द्वारा किया गया।
इसके साथ ही संस्था के अध्यक्ष रामावतार गोयल का भी स्वागत कर सभी अतिथियों को मंच पर विराजमान कराया गया।

संस्था सचिव अजित पहाड़िया एवं अशोक अजमेरा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर के प्रथम दिन सम्पूर्ण राजस्थान से आए कुल 251 दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 26 ट्राई साइकिल, 14 व्हीलचेयर, 14 बैसाखी, 7 कृत्रिम हाथ, 12 जयपुर फुट, 27 कैलिपर, 1 ब्लाइंड स्टिक, 37 सामान्य स्टिक एवं 112 श्रवण यंत्र शामिल हैं। उपकरण पाकर दिव्यांगजनों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है, जिसे “गोदी में आए, चलकर गए” के संकल्प के साथ साकार किया जा रहा है।

संस्था के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस तीन दिवसीय शिविर का आयोजन आज 19 जनवरी से 21 जनवरी तक किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत कुल 2700 दिव्यांग उपकरण वितरित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त एक अन्य विशेष कार्यक्रम के तहत दिव्यांग बच्चों के लिए 60 उपकरण प्रदान किए जाने की घोषणा भी की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभापति सुरेश सिखवाल एवं आयुक्त शिकेश कांकरिया ने महावीर इंटरनेशनल द्वारा किए जा रहे निरंतर सेवा कार्यों की सराहना की तथा इस पुनीत आयोजन के लिए संस्था को शुभकामनाएं प्रदान कीं।
संस्था की पहल से दिव्यांग बच्ची को मिले नए पंख
विकास समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा ने एक दिव्यांग बच्ची का उल्लेख करते हुए बताया कि संस्था की ओर से उपकरण मिलने के बाद उसके आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि हुई और उसने उत्कृष्ट नृत्य प्रस्तुति देकर सभी को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि संस्था ने अनेक दिव्यांगजनों के जीवन में आशा का संचार किया है।

कार्यक्रम में शिविर प्रभारी सुभाष जैन पहाड़िया का विशेष रूप से स्वागत एवं सम्मान किया गया। वक्ताओं ने उनके सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए जीव सेवा के प्रति उनके निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
शिविर संयोजक संपत बगड़िया, सुरेन्द्रसिंह दीपपुरा, नंदकिशोर बिडसर, कमल गौड़ एवं सुरेश गंगवाल ने बताया कि शिविर में आने वाले सभी दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों के लिए संस्था की ओर से भोजन एवं जलपान की समुचित व्यवस्था की गई है।
यह शिविर 20 एवं 21 जनवरी को भी बारात भवन (बसंतकुमार बिड़ला कल्याण मंडपम्), नली का बालाजी में आयोजित किया जाएगा। जहां शेष दिव्यांगजनों को आवश्यकतानुसार उपकरण वितरित किए जाएंगे। आयोजकों ने अधिक से अधिक दिव्यांग भाई-बहनों से शिविर में पधारकर लाभ लेने की अपील की है।
शिविर का अवलोकन करने पहुंचे ओमप्रकाश काबरा, शिवकुमार अग्रवाल, लालचंद पहाड़िया, देवीलाल दादरवाल, उमेश सर्राफ, रंगनाथ काबरा, गुलाबचंद शर्मा, राम काबरा, नागरमल वैद्य, फारुक टॉक, दामोदर लाल झंवर, सुशील काबरा, बनवारीलाल मोर, रमेश पहाड़िया, गिरिराज खरीट, चुन्नीलाल कुमावत, रामचन्द्र गौड़, अंकुर काला, श्यामसुंदर सैनी, अनिल काला, घनश्याम गौड़, महेश लढ्ढा, कुंजबिहारी जोशी, प्रदीप बगड़िया, विजयकुमार पहाड़िया, मुरली गोयल, नीरज पहाड़िया, प्रकाश मेहरड़ा, अमित पहाड़िया, राजेश अग्रवाल, अशोक मोर एवं नरेन्द्र जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
शिविर के संचालन में संस्था सदस्य रतन मेघवाल, सुनील माथुर, प्रदीप गंगवाल, प्रदीप काला, प्रवीण पहाड़िया, मुरली स्नेही, किशोर सेवदा, अनिल शर्मा, बलराम प्रधान, संजय अग्रवाल, आनंद सेठी, अर्पित पहाड़िया, कार्तिक गोयल, विकास पाटनी, राहुल झांझरी, बबीता अजमेरा, सुनिता गंगवाल, विजय कौर, इंदु सेन, कल्पना पहाड़िया, राखी बड़जात्या, शिखा अग्रवाल सहित वीर-वीरा एवं युवा सदस्यों ने निःस्वार्थ भाव से सेवाएं प्रदान कीं। मंच संचालन सुभाष रांवका ने किया।
अंत में शिविर प्रभारी सुभाष पहाड़िया ने सभी सदस्यों, भामाशाहों, चिकित्सीय टीम, समाज कल्याण विभाग, पत्रकार बंधुओं एवं उपस्थित गणमान्यजनों का आभार व्यक्त किया।
कुचामन सिटी: विशाल कलश शोभा यात्रा के साथ शहर में हिंदू सम्मेलन संपन्न






