कुचामन सिटी. भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा विद्यार्थियों में गुणवत्ता, सुरक्षा एवं उपभोक्ता जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से संचालित BIS मानक क्लब की गतिविधियों के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय उगरपुरा, कुचामन सिटी में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।


प्रतियोगिता का विषय आईएसआई मार्का और मानक वस्तुएं रखा गया। जिसमें विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

आईएसआई मार्का है सुरक्षा और विश्वास की पहचान
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एवं पीईईओ उगरपुरा नरेंद्र कुमावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आईएसआई मार्का केवल एक चिन्ह नहीं, बल्कि यह उत्पाद की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं विश्वसनीयता की गारंटी है।
उन्होंने बताया कि आज के समय में मानक वस्तुओं का उपयोग करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है, क्योंकि गैर-मानक उत्पाद न केवल आर्थिक नुकसान पहुँचाते हैं, बल्कि जीवन के लिए भी खतरा बन सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं मानक वस्तुओं का प्रयोग करें तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें।
प्रतियोगिता के कार्यक्रम प्रभारी सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों ने आईएसआई मार्का, बीआईएस प्रमाणन, मानक वस्तुओं के लाभ, उपभोक्ता अधिकार एवं गैर-मानक उत्पादों से होने वाले दुष्परिणामों जैसे विषयों को रचनात्मक ढंग से पोस्टरों में उकेरा।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में रचनात्मकता के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करती हैं।

विजेता विद्यार्थियों को मिला पुरस्कार
विद्यालय मानक क्लब प्रभारी एवं मेंटर नरेंद्र कुमावत ने प्रतियोगिता के परिणाम घोषित करते हुए बताया कि पायल (कक्षा 11) ने अपने उत्कृष्ट एवं प्रभावशाली पोस्टर के माध्यम से प्रथम स्थान प्राप्त किया। रवि (कक्षा 11) ने द्वितीय स्थान, जबकि ज्यालक्ष्मी (कक्षा 9) ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं रूपा (कक्षा 11) को चतुर्थ स्थान प्रदान किया गया। विजेता विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार की ओर से शुभकामनाएँ दी गईं एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के समापन पर यह संकल्प लिया गया कि विद्यालय में BIS मानक क्लब की गतिविधियों को नियमित रूप से आयोजित कर विद्यार्थियों को गुणवत्ता, सुरक्षा एवं मानक वस्तुओं के महत्व के प्रति निरंतर जागरूक किया जाएगा, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बन सकें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की व्याख्याता पूनम नेत्रा, रेखा शर्मा, सुशीला गहन, डॉ. ईश्वर बेड़ा, बाबूराम, मधु शर्मा, अमिता चौधरी, मंजू कुमारी, जमना कुमारी, विमला घोटिया, सूरजमल चौधरी तथा शंकरलाल कुमावत, शैलेन्द्र कुमार सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
डीडवाना-कुचामन: युवक पर जानलेवा हमला, मारपीट के बाद गोली मारकर फरार बदमाश






