नावां शहर के पुराने रेलवे स्टेशन क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इस संबंध में मृतक के भाई रामनारायण पुत्र हनुमान गुर्जर ने पुलिस थाना नावां में रिपोर्ट दर्ज कराई है।


रिपोर्ट में बताया गया कि मृतक रामावतार उर्फ बंटी प्रतिदिन की तरह दुकान पर कार्य करता था और सुबह 11 बजे से शाम 10 बजे तक घर से बाहर रहता था। 26 दिसंबर 2025 को प्रार्थी रोज की तरह अपने काम पर चला गया। लेकिन उसका भाई न तो दुकान पर पहुंचा और न ही घर का दरवाजा खोला। आसपास के जान-पहचान वालों ने फोन कर इसकी जानकारी दी।

घर में अंदर से बंद मिला कमरा, फर्श पर पड़ा मिला शव
सूचना मिलने पर प्रार्थी पड़ोसियों के साथ घर पहुंचा, जहां भाई का कमरा अंदर से बंद मिला। आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला। कमरे की खिड़की खुली होने पर उसके अंदर जाकर देखा तो रामावतार कमरे के फर्श पर उल्टे मुंह गिरा हुआ मिला। जिसके मुंह व नाक से खून निकल रहा था। इसके बाद दरवाजा खोलकर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक को नावां अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई ने बताया कि मृतक पिछले काफी समय से मानसिक तनाव में था, जिसके चलते मौत को लेकर उन्हें संदेह है।

कॉल डिटेल व निष्पक्ष जांच की मांग
प्रार्थी ने मृतक के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल निकलवाने, पोस्टमार्टम कराकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है तथा मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के मिलने-जुलने वालों ने बताया कि मृतक पिछले एक माह से काफी मानसिक तनाव में था और 25 दिसंबर को आखिरी दिन कह रहा था। आसपास के लोगों ने संदेह जताया है कि मृतक बंटी नेकदिल व धार्मिक प्रवृत्ति का व्यक्ति था और संभवतः उसे किसी के द्वारा ब्लैकमेल किया गया हो, जिसके चलते यह घटना घटित हुई है।
परिजनों सहित लोगों ने पुलिस से मृतक के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल निकलवाकर मृतक के साथ न्याय करने की मांग की है।
नावां: चिकित्सालय के लिए राजास में भूमि आवंटन का मुस्लिम समाज ने किया विरोध, SDM के नाम सौंपा ज्ञापन
नावां: पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों का मेवाड़ शैक्षिक भ्रमण






