कुचामन सिटी. राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (RUIDP) के सामुदायिक जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।


इस कार्यक्रम का संचालन आरयूआईडीपी के अधीक्षण अभियंता नेमीचंद पंवार के निर्देशन में, अधिशाषी अभियंता राजकुमार मीना के मार्गदर्शन में सहायक अभियंता अनिल सैनी की सहायता से किया गया।

इसके तहत शहर में नई पेयजल वितरण प्रणाली व सीवरेज परियोजना में एस.टी.पी. साईट कुचामन में कार्य कर रहे श्रमिकों को सुरक्षा व स्वच्छता का महत्व समझाया गया।
श्रमिक सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में श्रमिकों को सुरक्षा की शपथ दिलाते हुए, CAP के सामाजिक विकास विशेषज्ञ देवेन्द्र सिंह ने श्रमिकों को बताया कि साईट पर कार्य करते समय श्रमिक सुरक्षा को प्राथमिकता दें एवं पूरे सुरक्षा उपकरणों के साथ कार्य करें, क्योंकि छोटी सी लापरवाही बहुत बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।

इसलिए सभी श्रमिक सम्पूर्ण सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें और सावधानीपूर्वक कार्य करते हुए अपने आप को सुरक्षित रखें। श्रमिक भाइयों से अपील की गई कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। इसके साथ ही सुरक्षा उपकरणों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
CAP की सविता शर्मा ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के बारे में बताते हुए कहा कि आसपास साफ-सफाई रखें ताकि बीमारियों से होने वाले आर्थिक एवं शारीरिक नुकसानों से बचा जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि श्रमिक भाई किसी भी प्रकार के नशे का सेवन न करें तथा अपने साथी को नशा न करने हेतु प्रेरित करें। नशे के कारण होने वाले शारीरिक नुकसानों के बारे में विस्तार से बताया गया।
एल.एण्ड टी के किशन सिंह ने मौसमी बीमारियों से बचाव की जानकारी देकर श्रमिकों को जागरूक किया।
कुचामन में RUIDP का जल संरक्षण और स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम






