डीडवाना-कुचामन जिले में व्यापारी समुदाय के बीच डर का माहौल और गहराता जा रहा है। रमेश रूलानिया की हत्या के बाद अब एक और कारोबारी को जान से मारने की धमकी दी गई है। लाडनूं में यह नया मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यापारी से 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई है।


जानकारी के अनुसार – लाडनूं निवासी व पूर्व बसपा प्रत्याशी एवं कारोबारी नियाज मोहम्मद खान पुत्र रावत खान को गैंगस्टर वीरेंद्र चारण के नाम से धमकी दी गई है। धमकी विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल और वॉयस मैसेज के जरिए दी गई।

विदेशी नंबर से आया कॉल, 2 करोड़ की मांग
पीड़ित व्यापारी ने बताया कि 23 अक्टूबर की शाम उसके मोबाइल पर अंतरराष्ट्रीय नंबर (+64 220651941) से वॉट्सऐप कॉल आया। अगले दिन दोपहर में नमाज के वक्त उसी नंबर से दोबारा कॉल आया, जिसे वह उठा नहीं सका। इसके कुछ मिनट बाद 27 सेकंड का वॉयस मैसेज आया, जिसमें खुद को गैंगस्टर वीरेंद्र चारण बताते हुए 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
नियाज मोहम्मद ने बताया कि धमकी के बाद से वह भयभीत है और घर से बाहर निकलने से भी डर रहा है। उन्होंने शनिवार को अपने परिजनों के साथ लाडनूं पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
लाडनूं थानाधिकारी महिराम विश्नोई ने पुष्टि की है कि व्यापारी को विदेशी नंबर से धमकी भरा कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को वीरेंद्र चारण बताया और फिरौती मांगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
चितावा में भी हुआ था ऐसा मामला
गौरतलब है कि 11 अक्टूबर को कुचामन सिटी के निकटवर्ती ग्राम चितावा के एक शराब कारोबारी को भी रोहित गोदारा गैंग के सदस्य वीरेंद्र चारण द्वारा धमकी मिलने का मामला दर्ज हुआ था। उस प्रकरण की जांच अभी जारी है।
कुचामन सिटी के व्यापारी को फिर मिली रोहित गोदारा की धमकी
डीजीपी ने सख्त रुख अपनाया, दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
राजस्थान पुलिस ने लगातार बढ़ रही गैंगस्टर धमकियों को गंभीरता से लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को डीजीपी राजीव शर्मा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन जिलों में जहां से धमकी की शिकायतें सामने आ रही हैं, तकनीकी विश्लेषण कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।






