डीडवाना-कुचामन जिला स्तरीय आधार मॉनिटरिंग समिति की बैठक सोमवार को जिला कलक्टर डॉ महेंद्र खड़गावत की अध्यक्षता में आयोजित हुई।


बैठक में जिले में आधार सम्बंधित कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और आमजन को सुगम व पारदर्शी आधार सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।

जिला कलक्टर डॉ खड़गावत ने निर्देश दिए कि जिले में आधार नामांकन, अद्यतन एवं अन्य सेवाएं समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से संचालित हों। उन्होंने विभागीय समन्वय को और प्रभावी बनाने तथा नागरिकों की सुविधा के लिए नए उपाय अपनाने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने पंचायत समिति स्तर, ग्रामीण क्षेत्रों और नगर निकायों में नए आधार केन्द्र स्थापित करने और 18 वर्ष के व्यक्तियों के लिए अन्य ब्लॉकों में आधार मशीन स्थापित करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
डॉ खड़गावत ने आमजन से अपील की कि वे आधार सेवाओं की निर्धारित दरों से अवगत रहें और केवल उन्हीं के अनुसार भुगतान करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अतिरिक्त या अनाधिकृत राशि की वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को जिले में आधार से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के उपनिदेशक शिवराज सोनी ने बताया कि नई शुल्क सूची (01 अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2028 तक) के अनुसार –
- नया आधार बनवाना: निःशुल्क
- अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (5-7 और 15-17 वर्ष): निःशुल्क
- अन्य बायोमेट्रिक अद्यतन: ₹125
- डेमोग्राफिक अद्यतन: ₹75
- दस्तावेज अद्यतन: ₹75
- आधार सर्च एवं प्रिंटआउट: ₹40
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहनलाल खटनावलिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा, एनालिस्ट-कम-प्रोग्रामर शिवराज सोनी, डाक विभाग से राज चौधरी, उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग से ओमप्रकाश, जिला समाज कल्याण विभाग से जयपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।






