परबतसर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने फरार चल रहे 5000 रुपए के ईनामी बदमाश और कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर सलीम मोहम्मद को गिरफ्तार किया है।


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आई.पी.एस.) के निर्देशन में की गई, जो अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को दर्शाती है।

दरअसल, दिनांक 07 फरवरी 2024 को मकराना थाना पुलिस को बड़ी सफलता तब मिली, जब उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने कस्बा मकराना में सुबान तेली को 550 ग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया था।
इस मामले में पुलिस थाना मकराना पर प्रकरण संख्या 46/2024, धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इस प्रकरण की जांच परबतसर थानाधिकारी जगदीश मीणा द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी सलीम मोहम्मद जो एक कुख्यात और आदतन अपराधी है फरार चल रहा था।

लोकेशन बदलकर पुलिस से बचता रहा आरोपी
सलीम मोहम्मद की आपराधिक प्रवृत्ति और उसकी लगातार बदलती लोकेशन के कारण उसकी गिरफ्तारी में कई चुनौतियां थीं। वह मकराना और चितौड़गढ़ के सादी गांव में अपने संभावित ठिकानों पर बार-बार स्थान बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।
उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने 5000 रुपए का ईनाम भी घोषित किया था।
चितौड़गढ़ से पकड़ा गया बदमाश
पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आई.पी.एस.) के निर्देशानुसार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिनेंद्र जैन (आर.पी.एस.) तथा वृताधिकारी मकराना भवानी सिंह (आर.पी.एस.) के निकटतम सुपरविजन में परबतसर थानाधिकारी जगदीश मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
इस टीम ने कड़ी मेहनत और सूझबूझ से सलीम मोहम्मद (19) पुत्र सुबान तेली उर्फ भूरे खान निवासी सादी पुलिस थाना विजयपुर को चितौड़गढ़ जिले के सादी गांव की पहाड़ियों में छिपे होने का पता लगाया।
आरोपी सलीम मोहम्मद जो एक अव्वल दर्जे का मादक पदार्थ तस्कर है और जिसके खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, को कड़ी मशक्कत के बाद डिटेन किया गया।
पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब उससे अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, खरीद-फरोख्त और अन्य संबंधित गतिविधियों के बारे में गहनता से जांच कर रही है।






