कुचामन सिटी. शहर के हॉस्पिटल रोड स्थित आदि गौड़ विप्र समाज समिति के गौड़ भवन में पतंजलि योग पीठ से आईं साध्वी देवगरिमा एवं साध्वी देवललिता ने महिलाओं को योग के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ और रोगों से मुक्ति के उपाय बताए।


उन्होंने बताया कि योगाभ्यास से शरीर के विभिन्न रोग दूर होते हैं और आजीवन निरोगी जीवन पाया जा सकता है।

साध्वियों ने महिलाओं को शरीर के समस्त अंगों के सूक्ष्म व्यायाम और प्राणायाम के प्रकारों – कपालभाति, बाह्म ऊंजाई, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और उदगीर प्राणायाम के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
गौड़ समाज के मंत्री कमल कुमार गौड़ ने बताया कि महिला पतंजलि योग समिति राजस्थान पश्चिम की राज्य प्रभारी विजयलक्ष्मी ने इस अवसर पर सभी घरों में स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और आयुर्वेद अपनाने पर जोर दिया।

भारत स्वाभिमान ट्रस्ट जिला इकाई डीडवाना-कुचामन के जिला संयोजक महावीर प्रसाद राजेचा ने नित्य योग कक्षाओं का आयोजन कर अधिक से अधिक साधकों को जोड़ने का आह्वान किया, ताकि योग के माध्यम से निरोगता को बढ़ावा मिल सके।
कार्यक्रम में महिला पतंजलि योग समिति तहसील प्रभारी रश्मि शर्मा एवं भारत स्वाभिमान तहसील प्रभारी संपत राज जोशी ने तहसील बैठक में उपस्थित सभी महिलाओं और साधकों का आभार व्यक्त किया।






