नावां पुलिस ने एमडीएमए सप्लाई चेन से जुड़े एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर नशे के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।


पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में कुचामन सिटी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचन्द खारिया (आर.पी.एस.) एवं वृत्ताधिकारी अरविन्द विश्नोई की निकटतम देखरेख रही, जबकि थाना नावां शहर के थानाधिकारी नन्दलाल (पु.नि.) के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की।

दरअसल, दिनांक 06 अगस्त 2025 को थाना नावां पुलिस व डीएसटी बीकानेर ने संयुक्त कार्रवाई में वांछित एवं ₹10,000 के इनामी हिस्ट्रीशीटर नरेश विश्नोई निवासी बीकानेर सहित उसके तीन साथियों दिनेश निवासी बीकानेर, रामनिवास निवासी बीकानेर और विक्रम निवासी बीकानेर को गिरफ्तार किया था।
इस दौरान आरोपियों ने नाकाबंदी के समय पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारकर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सतर्कता और साहसिक कार्रवाई से सभी को काबू कर लिया गया। इस संबंध में थाना नावां पर प्रकरण संख्या 179/2025 दर्ज किया गया था।

पूछताछ से हुआ बड़ा खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों से की गई गहन पूछताछ में पुलिस को नशे की सप्लाई चेन का सुराग मिला। इसी दौरान स्वरूप साद (30) पुत्र गोपाल दास निवासी थाना मुक्ताप्रसाद (बीकानेर) का नाम सामने आया, जो इस नेटवर्क का सक्रिय सदस्य पाया गया। नावां पुलिस ने इंटेलिजेंस को बीकानेर पुलिस के साथ साझा किया और इसके आधार पर उसे दबोच लिया गया।
स्वरूप साद की जानकारी के आधार पर दो आरोपी गिरफ्तार
स्वरूप साद से मिली जानकारी के आधार पर बीकानेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहीराम निवासी बीकानेर और प्रेमसुख निवासी बीकानेर को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 55 ग्राम एमडीएमए (सिंथेटिक ड्रग), जाली भारतीय मुद्रा और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया। यह बरामदगी नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में एक अहम सफलता मानी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने पूर्व में जनसहभागिता संवाद के दौरान ही स्पष्ट कर दिया था कि नशा तस्करी, सड़क सुरक्षा और संगठित अपराधों के खिलाफ जिला पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है।






