डीडवाना कुचामन: राज्य में अवैध मदिरा के खिलाफ Zero Tolerance नीति के तहत चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नागौर और डीडवाना कुचामन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी कार्यवाही की गई।


यह अभियान आबकारी आयुक्त शिव प्रसाद नकाते के निर्देशन में 01 अगस्त से 21 अगस्त 2025 तक सम्पूर्ण राजस्थान में चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अजमेर जोन के अतिरिक्त आयुक्त आबकारी राधेश्याम डेलु व उपायुक्त आबकारी विजय जोशी के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी नागौर दानाराम एवं आबकारी निरीक्षक वृत नावां मोहन सिंह निर्वाण के नेतृत्व में आज दिनांक 05 अगस्त को सुबह 09:05 बजे गांव तोषिणा में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

तोषिणा में अवैध शराब फैक्ट्री पकड़ी, मुख्य आरोपी फरार
आबकारी विभाग की टीम ने हंसराज बावरी के कब्जे में स्थित एक रिहायशी मकान पर दबिश दी, जहां से एक संगठित अवैध शराब फैक्ट्री का खुलासा हुआ। मौके से 200 लीटर स्प्रिट से भरा प्लास्टिक ड्रम, एक हस्तचालित पव्वा पैकिंग मशीन, 700 खाली शराब पव्वे, 600 नकली RSGSM ढक्कन, ढोलामारू और RSGSM ब्रांड के 1500 से अधिक नकली लेबल व रेपर, पैकिंग टेप, भारी मात्रा में होलोग्राम तथा करीब 200 गत्ते के कार्टून बरामद किए गए।
मुख्य अभियुक्त हंसराज बोहरा पुत्र प्रकाशराम बावरी निवासी बोहरों का मोहल्ला तोषिणा कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया। इस संबंध में अभियोग आबकारी निरीक्षक मोहन सिंह निर्वाण द्वारा आबकारी वृत नांवा में दर्ज किया गया।

रेख गश्त में और भी बरामदगी, नकली पव्वे और स्प्रिट जब्त
इसी दिन आबकारी निरोधक दल डीडवाना के प्रहराधिकारी संतोष कुमार गुर्जर द्वारा गांव तोषिणा में रेख गश्त के दौरान दो प्लास्टिक जरीकनों में भरी कुल 25 लीटर स्प्रिट और 1000 नकली शराब पव्वे बरामद किए गए। इस मामले में भी दो अलग-अलग अभियोग दर्ज किए गए।
नांवा में एल.आर. बैड़ा की टीम की कार्रवाई
आज ही आबकारी निरोधक दल नांवा के प्रहराधिकारी एल.आर. बैड़ा द्वारा नांवा क्षेत्र में रेड-गश्त के दौरान 6 गत्तों में रखे कुल 288 पव्वों की अवैध शराब बरामद की गई। इस संबंध में भी एक विशेष प्रवृत्ति का अभियोग दर्ज किया गया है।
4 अगस्त को जिलेभर में हुई कार्यवाहियों….
इससे पूर्व दिनांक 4 अगस्त 2025 को भी आबकारी जिला नागौर में निरंतर कार्रवाई की गई। वृत नांवा के गांव कुकनवाली में अभियुक्त मुकेश बावरी के कब्जे से 52 लीटर हथकड़ शराब बरामद कर विशेष प्रवृत्ति का अभियोग दर्ज किया गया।
परबतसर आबकारी थाना क्षेत्र में 5 लीटर हथकड़ शराब तथा मेड़ता सिटी क्षेत्र में 4 लीटर हथकड़ शराब बरामद कर दो अभियोग दर्ज किए गए। वहीं नागौर आबकारी थाना क्षेत्र में भी 4 लीटर हथकड़ शराब की जब्ती के साथ एक अभियोग दर्ज किया गया।
टीम की सक्रियता- इन तमाम कार्यवाहियों में सहायक आबकारी अधिकारी दीनदयाल मीणा, आबकारी थाना नांवा, डीडवाना, लाडनूं एवं आबकारी वृत नांवा की संयुक्त टीमें मौजूद रहीं।
कुचामन में प्रॉपर्टी लेने वाले ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी कर रहे कॉलोनाइजर
कंचन कुमावत की मौत के मामले में कुचामन पुलिस ने समझाइश कर धरना समाप्त करवाया






