कुचामन सिटी. में ठंड का प्रकोप आज भी जारी है। शीतलहर के चलते तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। शनिवार, 3 जनवरी की सुबह शहर में घना कोहरा छाया रहा और कुचामन फोर्ट कोहरे की सफेद चादर में पूरी तरह छिप गया।


चारों ओर फैले कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम रही। जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई।

कुचामन सिटी में इन दिनों न्यूनतम तापमान करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। शाम होते ही ठंड का असर और बढ़ जाता है तथा तापमान धीरे-धीरे गिरने लगता है। दोपहर के समय सूर्य देवता के दर्शन पूरी तरह नहीं हो पाते। जिससे अधिकतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहता है। आसपास के शहरों में भी तापमान लगभग इसी स्तर पर बना हुआ है। पिछले कुछ दिनों से लगातार डीडवाना-कुचामन जिले में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है।
जनवरी की इस कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। सुबह और शाम के समय लोग जगह-जगह अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते नजर आ रहे हैं। चाय की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रहती है। जहां लोग गर्म चाय के साथ सर्दी से राहत लेते दिखाई देते हैं।
कृषि के लिहाज से यह मौसम रबी की फसलों के लिए अनुकूल माना जा रहा है। इस समय गेहूं, सरसों, चना और जौ जैसी फसलें खेतों में अच्छी स्थिति में हैं और ठंडा मौसम इनके विकास में सहायक साबित हो रहा है।

अगले दिनों और बढ़ेगी ठंड, मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार – राज्य में आज कहीं-कहीं घना कोहरा दर्ज किया गया है। सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर, सीकर में 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। जबकि अगले 2-3 दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है।
इसके साथ ही आने वाले दो-तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट होने तथा राज्य के उत्तरी भागों में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। वहीं आगामी 48 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-5 डिग्री नीचे रहने और कहीं-कहीं शीतदिन की स्थिति बनने की आशंका है।






