नावां सिटी. शहर में खांडल विप्र समाज के अध्यक्ष पद के लिए रविवार को आयोजित निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
नामांकन वापसी के बाद आनंद जोशी निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उनके निर्विरोध निर्वाचन से समाजजनों में उत्साह का माहौल रहा।

चुनाव अधिकारी मनोज जोशी, कुचामन के निर्देशन में चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक परशुराम भवन में नामांकन पत्र जमा किए गए। अध्यक्ष पद के लिए आनंद जोशी एवं उमाशंकर शर्मा ने नामांकन दाखिल किया।
इसके बाद दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की गई। वहीं दोपहर सवा 12 बजे उमाशंकर शर्मा ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद अध्यक्ष पद पर आनंद जोशी का निर्विरोध निर्वाचन घोषित किया गया।

निर्वाचन टीम की ओर से आनंद जोशी को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान करने के साथ पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद समाजजनों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष आनंद जोशी एवं पूर्व अध्यक्ष सुरेश चोटिया का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया।
निर्वाचन प्रक्रिया में सहायक निर्वाचन अधिकारी लूनकरण गोलवा कुडोली, मदनलाल गोलवा, सत्यनारायण झकनाड़ीया ने सहयोग किया। इस अवसर पर अशोक बोहरा, हरिओम प्रसाद शर्मा, विष्णु डीडवानिया, परशुराम युवा शक्ति अध्यक्ष अरुण जोशी, मदनलाल चोटिया, हजारी लाल शर्मा, प्रीतम जोशी, मुरली शर्मा, गजेंद्र शर्मा सहित समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।
समाज की एकजुटता का संदेश
आनंद जोशी के निर्विरोध निर्वाचन को समाज की एकजुटता और आपसी सहमति का प्रतीक माना जा रहा है। समाजजनों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई देते हुए समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने की शुभकामनाएं दीं।







